राजकोट। अहमदाबाद के किराना व्यापारी ने बीते सोमवार एक होटल में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मूल राजकोट के 36 वर्षीय अनिरुद्ध नरोतमभाई मशरू ने राजकोट की कन्फरेट इन होटल में अपनी ही रिवाल्वर से सीने में गोली मार ली थी। मृतक के पास से मिले 16 पेज के सुसाइड नोट से खुलासा हुआ है कि साहूकारों और पुलिस की धमकियों से तंग आकर अनिरुद्ध ने यह कदम उठाया।
अनिरुद्ध ने अपने 16 पेज के सुसाइड नोट में उन लोगों के नामों का भी जिक्र किया है, जिनसे उसने कर्ज ले रखा था और अब वे अनिरुद्ध को धमकियां दे रहे थे। अनिरुद्ध ने हरेक पेज पर अपने हस्ताक्षर भी किए हैं। नोट में अनिरुद्ध ने पत्नी का भी काफी जिक्र किया है। उसने नोट के अंत में लिखा कि अगले जन्म में भी मेरी पत्नी बनना। अनिरुद्ध ने नोट में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए लिखा है कि आप मेरे परिवार की रक्षा करना।
नोट में अनिरुद्ध ने अहमदाबाद, जूनागढ़ और राजकोट के कुछ व्यक्तियों व पुलिसकर्मियों के नामों का भी जिक्र किया है, जो उसे लगातार धमकियां दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।