(फोटो : जेराम पटेल (बायीं ओर) तथा नौकर डाह्याभाई मारवाडी)
वडोदरा (गुजरात)। वडोदरा के प्रसिद्ध आर्टिस्ट जेराम पटेल की 250 कलाकृतियां 6 करोड़ रुपए में बिकी हैं। ये कलाकृतियां दिल्ली की किरण नादर म्यूजियम ऑफ आर्ट को बेची गई हैं। इतना ही नहीं, जेराम ने इसमें से 1 करोड़ रुपए अपने नौकर डाह्याभाई को भी दिए हैं, जिसने उनकी इन कलाकृतियों को सहेजकर रखा था।
इसमें पेटिंग्स, स्कल्पचर और ड्राइंग शामिल हैं। यह डील एक सप्ताह पहले हुई थी। 85 साल के जेराम पटेल ने बताया कि इस डील का उद्देश्य खुद की कला को म्यूजियम में प्रदर्शित कर लोगों तक पहुंचाना है।
40 साल की सेवा की कद्र:
जेराम पटेल ने 6 करोड़ में से 1 करोड़ रुपए अपने नौकर डाह्याभाई को दे दिए। इस बारे में डाह्याभाई का कहना है कि दादा ने मेरी सेवा की कद्र करते हुए मुझे 1 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने ये पैसे मेरे बैंक अकाउंट में जमा करा दिए हैं। अब मैं इन पैसों से अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ा-लिखा सकूंगा।
कला तो लोगों तक पहुंचाना ही चाहिए:
आर्टिस्ट जेराम पटेल कहते हैं कि अब मेरी उम्र पूरी हो चुकी है। मेरी कला लोगों तक पहुंचे, इसी के चलते मैंने इन्हें बेचने का निर्णय लिया। मैंने अपने काम की कीमत नहीं आंकी। हां बाजार के हिसाब से कीमत 25 करोड़ रुपए तक हो सकती है, लेकिन मुझे फायदे-नुकसान से कोई फर्क नहीं पड़ता।
अगली स्लाइड्स पर क्लिक कर तस्वीरों में देखें, जेराम की कुछ कलाकृतियां...