फोटोः शहर के फतेहपुरा इलाके में दंगाइयों ने एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया।
वडोदरा. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद वडोदरा में तीसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। गुरुवार को हुए
सांप्रादियक टकराव के अगले दिन शुक्रवार को भी आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। नवरात्र के दूसरे दिन अफवाह फैल गई कि दंगे बढ़ रहे हैं। शहर में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल भी हुए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 12 राउंड हवाई फायरिंग की और करीब 15 आंसू गैस के गोले छोड़े।
क्या हुआ शुक्रवार को
शुक्रवार दोपहर को फतेहपुरा इलाके में कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय के लोगों के घरों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। थोड़ी ही देर के बाद बवाबाजार, याकूतपुरा, हाथीखाना, लड़वाड़ा और छिपवाड़ में ऐसी ही घटनाएं शुरू हो गईं। चांपनेर गेट, मांडवी गेट और दभी फैया इलाकों में अलग-अलग तीन लोगों पर पाइप और डंडों से हमला किया गया। फतेहुरा इलाके में दो मोटरसाइकिलों को आग लगा दी गई। इसी इलाके में दंगाइयों ने एक
मोबाइल शॉप को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस कमिश्नर ई राधाकृष्णन का कहना है, "फतेहपुरा इलाके में हुई पत्थरबाजी की घटना ने दूसरे इलाकों में तनाव पैदा किया।"
फोन कॉल्स से माहौल खराब करने की हो रही कोशिश
एडिशनल चीफ सेक्रेटरी एसके नंदा का कहना है, "मंगल बाजार और मांडवी में भी दुकानें बंद रहीं। राज्य सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन और कंपनियां भेजी गई हैं और मामले को शांत करने की कोशिश की जा रही है।" एक पुलिस अधिकारी का कहना है, "कई स्थानों पर अफवाहें फैलाई जी रही हैं और फर्जी कॉल्स के सहारे भी दंगे भड़काने की कोशिश सामने आई हैं।"
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
गुरुवार को बाइक भिड़ जाने की घटना को लेकर दो समुदाय के लड़कों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हो रही एक सुमदाय विशेष को आहत करने वाली तस्वीरों ने घटना को सांप्रदायिक रंग दे दिया। एक गुट के लोगों ने सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को पोस्ट करने के आरोपी संजय रावजी के घर पर पत्थरबाजी की थी। इसके जवाब में दूसरी ओर से भी पत्थरबाजी की गई। गुरुवार को ही दोपहर बाद कुछ युवकों की लहरीपुरा दरवाजे इलाके में एक वकील से बहस के बाद मामला फिर गरमा गया था। जिसके बाद उग्र भीड़ ने एक-दूसरे समुदाय के घरों पर हमला किया और कई वाहनों और दुकानों को आग लगा दी थी।
आगे की स्लाइड में देखें वडोदरा में तनावपूर्ण हालात की तस्वीरें...(सभी तस्वीरें: दिव्यभास्कर)