दावोस। विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने दावोस गए वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने फिर नरेंद्र मोदी की आलोचना की है। उनका कहना है कि मोदी का इतिहास बहुत ज्यादा विवादित है। उसे भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘हम किसी को हमारा पुराना रिकॉर्ड भुलाने के लिए नहीं कह सकते। हर व्यक्ति अपने प्रत्याशी के पुराने रिकॉर्ड और उसके पुराने वादों के आधार पर फैसला करने का हक रखता है। उनका पुराना रिकॉर्ड बहुत विवादित और प्रश्नों से घिरा है। यदि भाजपा को विपक्षी पार्टी होने के नाते सत्ताधारी गठबंधन की आलोचना का हक है तो कांग्रेस को भी मोदी की आलोचना करने का अधिकार है।’ कांग्रेस 2002 के गुजरात दंगों को लेकर लंबे समय से मोदी को घेर रही है।
गलतियां नहीं दोहराई तो पा सकते हैं 8% की विकास दर
विश्व आर्थिक मंच पर चिदंबरम ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षो में हमने निर्णायक फैसले किए हैं.. इसके परिणाम भी सामने आए हैं। हमारी अर्थव्यवस्था अब स्थिर है। पिछले साल मैंने कहा था कि इस साल विकास दर 5% रहेगी और अगले साल 6% रहेगी। उसके बाद हम फिर 8% की दर पर लौट आएंगे। यदि हम अपनी गलतियों को दोहराने से बचते हैं। निर्णायक फैसले लेते हैं। मुझे संदेह नहीं है कि तीन वर्षो में 8% विकास दर हासिल कर लेंगे।