वापी (गुजरात)। जी हां , केन्द्र शासित प्रदेश दानह में ऐसा ही हुआ है। इसमें लैपटॉप वितरण कार्यक्रम के लाभार्थी और इन्हें बांटने वाले दोनों ही विवाद में फंस गए हैं। आयोजन से जुड़े दो अधिकारियों का तबादला तक हो गया। लाथार्थी के अलावा दूसरे पक्ष में हैं भाजपा सांसद नटू पटेल । शनिवार को शिक्षा विभाग की ओर से भाजपा सांसद नटूभाई पटेल सहित सात के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी गई। इन पर सरकारी कार्यक्रम में दखल करने सहित आरोप हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर सांसद के हाथों लैपटॉप लेने वाले 28 विद्यार्थियों को सोमवार तक लैपटॉप वापस लौटाने का हुक्म दिया है। शिक्षा निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा है कि-लैपटॉप वितरण गैरकानूनी है, यदि विद्यार्थियों ने इन्हें वापस नहीं किया तो उनके खिलाफ केस किया जा सकता है।
ये है मामला:
दानह शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को मुफ्त में लैपटॉप दिया जाता है। शुक्रवार को ऐसा ही कार्यक्रम था लेकिन स्थानीय निकाय के कांग्रेस अध्यक्ष का फोटो कार्यक्रम के विज्ञापन में न लगाए जाने से विवाद हुआ। इस पर दानह प्रशासक बी एस भल्ला ने वितरण कार्यक्रम को बंद करवा दिया। मौके पर पहुंच चुके भाजपा सांसद नटूभाई ने 29 विद्यार्थियों को लैपटॉप दे दिए। कार्यक्रम स्थगित किए जाने के ऐलान के बाद लैपटॉप वितरण को लेकर शिक्षा निदेशक कृष्ण कुमार व भाजपा सांसद नटूभाई पटेल के बीच मौके पर ही कहासुनी हो गई। कुमार कार्यक्रम स्थल छोड़ कर चले गए। शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारी आर एल गोहिल ने सिलवास थाने में भाजपा सांसद सहित सात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस सांसद व अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 353,379, 186 एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाएं:
‘आदिवासी गरीब विद्यार्थियों के लिए जेल जाने को तैयार हूं। दानह प्रशासन एवं पुलिस में हिम्मत हो तो मेरी गिरफ्तारी करके दिखाए। इस घटनाक्रम से दानह प्रशासन व कांग्रेस की साठगांठ का पर्दाफाश हो गया है।’
- नटू पटेल, भाजपा सांसद-दानह