पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगांधीनगर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विकास यात्रा का दूसरा चरण मंगलवार से प्रारंभ होगा। दूसरे चरण में मुख्यमंत्री अपने गढ़ राजनांदगांव और कवर्धा में अपना दम दिखाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ रहेंगे गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी। राजनांदगांव क्षेत्र में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री की लगातार घेरेबंदी की है। इसको देखते हुए विकास यात्रा के प्रवास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से यह लगातार प्रचारित किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस बार राजनांदगांव के बजाय किसी और विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। पर राजनांदगांव में शक्ति प्रदर्शन के साथ रमन कांग्रेस को जवाब भी देना चाहेंगे। यही वजह है कि राजनांदगांव में भाजपा के प्रमुख नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। राजनांदगांव में भाजपा के दबंग नेता नरेंद्र मोदी को ले जाकर मुख्यमंत्री विरोधियों को राजनीतिक संदेश देना चाहते हैं।
मोदी ने यहां आने के लिए 18 मई की तारीख दी है। इस आयोजन में मुख्यमंत्री के बेटे अभिषेक सिंह यहां मौजूद रहेंगे। पिछले कुछ दिनों से अभिषेक की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। खासकर राजनांदगांव और कवर्धा क्षेत्र में अभिषेक हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर तो जाते ही हैं, साथ ही वे अपनी ओर से भी कई कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि अभिषेक राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से तैयारी कर रहे हैं। बस्तर के पहले चरण की यात्रा में विकास यात्रा सरकार को मिले रिस्पांस से भाजपा के खेमे में उत्साह नजर आ रहा है। खासकर मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों और संगठन के प्रमुख नेताओं को जानकारी दी है कि आदिवासी क्षेत्रों में भीड़ काफी जुटी। बस्तर को उदाहरण बनाते हुए दूसरे क्षेत्र के नेताओं से कहा गया है कि दूसरे क्षेत्रों में भी विकास यात्रा का आयोजन इसी तरह किया जाना चाहिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.