पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दूसरों को नोटिस भिजवाने वाले 300 वकीलों को नोटिस, बनेंगे डिफाल्टर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला सिटी। अब वकील भी डिफाल्टर घोषित होंगे। उनके नाम भी नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाएंगे। ये कार्रवाई उन वकीलों के खिलाफ अपनाई जाएगी जोकि चैंबर्स के रखरखाव व पार्किंग फीस का भुगतान नहीं कर रहे। जिला बार एसोसिएशन की ओर से ऐसे करीब 300 वकीलों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें कई नामी वकील भी शामिल बताए जा रहे हैं। वे वकील भी इस लिस्ट में शामिल हैं जिनकी राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। नोटिस जारी होने के कुछ घंटे बाद ही इसका असर दिखाई दिया। डिफाल्टर होने के अंदेशे से अब तक 150 वकीलों द्वारा भुगतान की बात कही जा रही है। बार एसोसिएशन ने भी साफ कर दिया है कि भुगतान न करने वाले वकीलों के खिलाफ कड़ी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
लाखों की फीस बकाया
जिन वकीलों को नोटिस जारी किए, उनकी ओर लाखों रुपए बकाया हैं। नियमित सूचनाओं के बावजूद इन वकीलों ने भुगतान में दिलचस्पी नहीं दिखाई। तभी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। कार्रवाई से पहले ही इन वकीलों को नोटिस जारी किए गए। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एवं सचिव की ओर से जारी नोटिस में बकाया भुगतान का साफ जिक्र किया गया। नोटिस में यह भी बताया गया कि किस वकील की ओर कितना भुगतान बकाया है। उसे कब तक भुगतान करना है। नोटिस में पेंडिंग पार्किंग फीस का भी हवाला दिया गया है। बार एसोसिएशन की ओर से अभी तक कुल पेंडिंग भुगतान का ब्यौरा नहीं दिया। मगर यह साफ कर कि भुगतान लाखों रुपए है।
1100 वकीलों को चैंबल अलॉट

जिला बार एसोसिएशन में अब तक 1100 से ज्यादा वकीलों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इन वकीलों के लिए चैंबर कांप्लेक्स में कुल 488 चैंबर्स की व्यवस्था की गई है। लगभग सभी चैंबर्स की अलॉटमेंट भी हो चुकी है। वाहनों की सुविधा के लिए वकीलों को शानदार पार्किंग स्थल भी उपलब्ध कराया गया है। एसोसिएशन की ओर से जिन वकीलों को चैंबर्स अलॉट किए गए हैं, उनसे चैंबर्स के रखरखाव व पार्किंग फीस ली जाती है। नियमित भुगतान न होने की वजह से ही लाखों रुपए बकाया हो गए।
15 सितंबर के बाद चैंबर का काट दिया जाएगा कनेक्शन
बार एसोसिएशन की ओर से जारी नोटिस में साफ कर दिया कि जिस वकील ने 15 सितम्बर 2014 तक भुगतान नहीं किया, उसे डिफाल्टर घोषित किया जाएगा। बाद में उसका नाम बार के नोटिस बोर्ड पर चस्पा दिया जाएगा तथा उसके चैंबर के बिजली कनेक्शन को भी काट दिया जाएगा। यही नहीं उसके खिलाफ नोटिस में कानून कार्रवाई का भी जिक्र किया गया है। इसी सख्ती की वजह से ही वकील धड़ाधड़ अब बकाया भुगतान अदा कर रहे हैं। एसोसिएशन की ओर से भी रिकवरी में तेजी आने की बात कही गई है।
डिफाल्टर घोषित कर नाम नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाएंगे

यह बिल्कुल सही है। उन वकीलों को बार एसोसिएशन की ओर से नोटिस जारी किए हैं। जिन्होंने अभी तक पेडिंग फीस का भुगतान नहीं किया है। बार की ओर से ऐसे करीब 300 वकीलों को नोटिस दिए गए थे। इसके बाद रिकवरी का सिलसिला शुरू हो गया। अब तक 150 के आसपास वकील भुगतान कर चुके हैं। इसमें भी कोई संदेह नहीं कि जो वकील नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करते उन्हें डिफाल्टर घोषित कर उनके नाम नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाएंगे। मुझे लगता है कि शायद इसकी नौबत ही न आए।
श्याम सिंह राणा, प्रधान, जिला बार एसोसिएशन, अम्बाला