- Hindi News
- ...तो बाल उम्र में बच्चे को जन्म देगी दुष्कर्म पीड़िता
...तो बाल उम्र में बच्चे को जन्म देगी दुष्कर्म पीड़िता
दुष्कर्म की वजह से गर्भवती हुई नाबालिग लड़की की गर्भपात कराने की इजाजत वाली अर्जी स्थानीय कोर्ट ने खारिज कर दी। शनिवार को अर्जी खारिज होने के बाद अब पीड़िता के सामने बाल उम्र में बच्चे को जन्म देने की चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि, किशोरी और उसके परिजन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में मामले को चुनौती देंगे। इस मामले का एक पहलू यह भी है कि जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपी ने याचिका दायर कर पीड़िता को गर्भपात से रोकने की मांग की थी। उसका तर्क था कि वह होने वाली औलाद को अपनाएगा। पीड़िता को करीब 15 सप्ताह का गर्भ है। पीड़िता के वकील नरेंद्र शर्मा के अनुसार कोर्ट ने कहा कि मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी एक्ट के दायरे में परिजन अपनी मर्जी से गर्भपात करवा सकते हैं।
लिहाजा अदालत इसके लिए इजाजत नहीं दे सकती। हालांकि, शर्मा ने तर्क दिया कि चूंकि मामला रेप का है। इसलिए परिजन अपनी मर्जी से गर्भपात नहीं करवा सकते। क्योंकि ऐसा करने पर कानून उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा। शर्मा के मुताबिक वे फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।
अबॉर्शन ना हो, तो विकार की आशंका : स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉक्टर रिशु के अनुसार अगर नाबालिग बच्चे को जन्म देती हैं, तो उसके शरीर में कई गंभीर विकार उत्पन्न हो सकते हैं। मानसिक और शारीरिक तौर पर दुर्बलता की वजह से वे सही ढंग से बच्चे का पालन नहीं कर पाती। फिर जच्चा-बच्च दोनों की जान पर खतरा बढ़ जाता है। ऐसा इसलिए भी होता है, क्योंकि अपने देश में 90 फीसदी किशोरियों में एनीमिया की शिकायत है।
समाज भी नहीं समझता मजबूरी : जिला युवा विकास संगठन के प्रधान परमजीत सिंह बड़ौला कहते हैं कि एक तो कुंवारी ऊपर से किशोर दुष्कर्म पीड़िता अगर किसी बच्चे को जन्म देती है, तो हमारा समाज उसे दया भाव से नहीं देखता। बल्कि, उसे हिकारत भरी नजर से देखा जाता है। सभी गुनाहों की जड़ उसे ही ठहराया जाता है। कोई उस पर हुए जुल्म की गहराई को नहीं समझता।
अप्रैल का है मामला : मामला 4 अप्रैल 2014 का है। तब करनाल के मथाना गांव का सुरजीत सिंह शादी रचाने के मकसद से साहा की एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया था। उसने उसके साथ धोखे से शादी की और लगातार दुष्कर्म करते रहा। जुलाई माह में सुरजीत के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ उसकी गिरफ्तारी हुई। तब से वह जेल में ही है।
हिसार . जिलेकी ढाणी गारण की एक