- Hindi News
- एक तरफ हुई महासभा की वार्षिक बैठक, दूसरी तरफ हुआ विराेध
एक तरफ हुई महासभा की वार्षिक बैठक, दूसरी तरफ हुआ विराेध
दीपोस्टलएंड आरएमएस इम्प्लाइज कोआॅपरेटिव बैंक लिमिटेड की जनरल बॉडी की वार्षिक मीटिंग रविवार को हुई। कुमारी रुक्मणि देवी मेमोरियल हॉल में हुई बैठक में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल जम्मू कश्मीर से करीब 2 हजार सदस्यों ने इस बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में पूर्व चेयरमैन एवं कोआपरेटिव बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एचएस चंदेलकर ने बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की। चेयरमैन मनजीत सिंह ने बैंक की उपलब्धियों कंपनी की गतिविधियों के बारे में बताया। मनजीत ने बताया कि बैंक ने इस साल 70 लाख रुपए का प्रोफिट कमाया है। साथ ही 4 प्रतिशत डिविडेंड के आधार पर 37 लाख रुपए दिया गए। बैंक ने 43 लाख रुपए से ज्यादा इनकम टैक्स के रूप में दिए। बैठक में लोन लिमिट 2 लाख से बढ़ाकर 2 लाख 20 हजार रुपए कर दी गई। यह 1 अप्रैल 2015 से सेंट्रल रजिस्ट्रार नई दिल्ली की बैठक के बाद मान्य होगा। इस दौरान सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सम्मान के रूप में दी जाने वाली राशि 1500 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए तुरंत प्रभाव से करने का निर्णय लिया गया। वहीं दूसरी ओर पोस्टल एंड आरएमएस इम्प्लाइज वेलफेयर सोसाइटी अम्बाला कैंट एसो. ने महासभा की बैठक का विरोध किया। सोसाइटी के प्रधान आरएन यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में बैंक की इनकम 1 करोड़ 15 लाख बढ़ी है जबकि लाभ में 35 लाख रुपए की कमी आई है। ऐसा आखिर कैसे हो सकता है।
उन्होंने बताया कि बैंक के इतिहास में इस बार सबसे कम 4 प्रतिशत डिविडेंट इसी साल दिया गया। वर्ष 2008 में चुनाव का खर्च 6 लाख रुपए था यह 2013 में 14 लाख 50 हजार रुपए क्याें हो गया। जनरल बॉडी का खर्चा 6 लाख से बढ़कर 2013 में 15 लाख 50 हजार कैसे हो गया। इसीलिए सोसाइटी ने इसका पूरा विरोध किया।