- Hindi News
- लूटपाट के प्रयास में आरोपी ने तोड़ दी बुजुर्ग की नाक की हड्डी
लूटपाट के प्रयास में आरोपी ने तोड़ दी बुजुर्ग की नाक की हड्डी
अम्बाला सिटी| 74साल के मेवा सिंह से लूट का प्रयास हुआ है। आरोपी ने बुजुर्ग की नाक पर तेजधार हथियार से वार भी किया है। इसी वजह से मेवा सिंह के नाक की हड्डी टूट गई। इसी वजह से उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मेवा सिंह के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में मारपीट का भी मामला दर्ज किया है।
उधर मेवा सिंह के रिश्तेदार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। रिश्तेदारों ने पंजोखरा पुलिस की शिकायत डीसीपी शहरी सुरेंद्र पाल सिंह को देने की बात कही है। कनिपला गांव के रहने वाले मेवा सिंह ने बताया कि रविवार को वह टुंडली के पास अपने रिश्तेदार परविंद्र सिंह से मिलने आया था। जब शाम सात बजे वह टुंडली के पास शराब ठेके से गुजर रहा था तभी किसी युवक ने उस पर हमला कर दिया। उसका पर्स छीनने का प्रयास किया गया। उसने पर्स नहीं छोड़ा। तब आरोपी ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया तब भी हिम्मत नहीं हारी। आखिरकार आरोपी को पर्स छोड़कर भागना पड़ा।
रिश्तेदार परमिंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की शिकायत पंजोखरा पुलिस को दी। मेडिकल जांच के आधार पर ही पुलिस ने मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने जानबूझकर आरोपी के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज नहीं किया है। मामले की पैरवी कर रही एडवोकेट रितु सिंह मान ने कहा कि आरोपी के खिलाफ गंभीर मामला दर्ज करना चाहिए। अन्यथा हमें अदालत में मामले को चुनौती देनी पड़ेगी।