- Hindi News
- शादी रचाने वाले प्रेमी जोड़े को कोर्ट परिसर में जान से मारने की मिली धमकी
शादी रचाने वाले प्रेमी जोड़े को कोर्ट परिसर में जान से मारने की मिली धमकी
अम्बाला सिटी| परिवारकी मर्जी के खिलाफ प्रेमी से शादी रचाने वाली पल्लवी को अदालत परिसर में ही उसके भाई ने चाकू मारकर हत्या करने की धमकी दी। धमकी के बाद परिसर में हंगामा हो गया। इसी वजह से कोतवाली पुलिस को अदालत में आना पड़ा। प्रेमी जोड़े ने पुलिस को शिकायत भी दी है। जांच के बाद ही पुलिस केस दर्ज करने की बात कह रही है। महाराजा पैलेस एरिया की रहने वाली पल्लवी ने कुछ रोज पहले ही पुराना डाकखाना क्षेत्र के राहुल मित्तल से शादी की थी। इनके बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि पल्लवी के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद राहुल पल्लवी ने अपनी जान को खतरा जताया था। इसी वजह से वे मंगलवार को अदालत के जरिए पुलिस सुरक्षा लेने के लिए अदालत पहुंचे थे। राहुल का आरोप है कि यहां पल्लवी के भाई विपिन ने उन्हें चाकू मारकर हत्या करने की धमकी दी। इसी वजह से उनकी जान को खतरा है। पुलिस चौकी नंबर-5 के कार्यकारी प्रभारी एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि प्रेमी जोड़े की ओर से धमकी देने की शिकायत आई है। अभी उसकी जांच चल रही है।