- Hindi News
- 20% मकान किराया भत्ते को लेकर विज को सौंपा ज्ञापन
20% मकान किराया भत्ते को लेकर विज को सौंपा ज्ञापन
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
सिंचाईविभागअम्बाला के कर्मचारियों ने मंगलवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को उनके निवास स्थान पर ज्ञापन सौंपकर जिले के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत मकान किराया भत्ता की नोटिफिकेशन जारी किए जाने की मांग की है। इसके अलावा दूसरे ज्ञापन मेंं सभी विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक जीवन बीमा राशि बढ़ाए जाने की मांग की।
हरियाणा क्लेरिकल मंच के बैनर तले विज से मिलने गए मंच सदस्यों ने बताया कि हरियाणा सरकार के परिपत्र नंबर 10/46/2004-2एफसीआईडब्ल्यू दिनांक 29 जनवरी 2009 के तहत जिन नगरों की शहरी आबादी 5 लाख से ऊपर है, वहां पर कार्यरत कर्मचारियों को 20 प्रतिशत मकान किराया भत्ता मिलेगा। जनवरी 2011 के जनसंख्या के आंकड़ों के अनुसार अम्बाला की शहरी आबादी 5 लाख से ऊपर है। अम्बाला डिवीजन की आयुक्त ने अम्बाला के कर्मचारियों का 20 प्रतिशत मकान किराया भत्ते का केस दो बार प्रधान सचिव, वित्त विभाग हरियाणा सरकार को अपनी सिफारिश करते हुए अनुमोदन के लिए भेज दिया है। उन्होंने यह भी सिफारिश की कि अम्बाला का 20 प्रतिशत का केस वित्त विभाग को पूरी शर्तें पूरी करता है। यह केस वित्त विभाग हरियाणा सरकार के पास विचाराधीन है। अम्बाला की आयुक्त की सिफारिशों को मद्देनजर रखते हुए अम्बाला के कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को इस केस से अवगत कराया और इन मांगों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। मंच महासचिव जसपाल कश्यप ने बताया कि मंत्रीजी ने कर्मचारियों की मांगों को सहानुभूतिपूर्वक सुना आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को वे जल्द ही सरकार के समक्ष रखेंगे। मौके पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के प्रधान राम गोपाल, रामदेव, डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के सहायक उपमंडल अधिकारी राजेंद्र बख्शी तथा सुरजीत सिंह मौजूद रहे।