- Hindi News
- स्नेह स्पर्श से कैंसर मरीजों का दर्द होगा कम
स्नेह स्पर्श से कैंसर मरीजों का दर्द होगा कम
कैंसररोगियोंकी उनके घरों में मुफ्त देखभाल तथा उन्हें दर्द निवारक दवा देने के उद्देश्य से रोटरी अम्बाला कैंसर एवं जनरल अस्पताल छावनी द्वारा स्नेह स्पर्श नाम से एक योजना का शुभारंभ किया है। योजना के तहत अस्पताल के दस किलोमीटर के दायरे में रहने वाले कैंसर मरीजों तथा उनके परिजन अस्पताल में प्रार्थना पत्र देकर स्नेह स्पर्श टीम को अपने घरों में मरीजों की देखभाल के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। सभी मरीजों की बिना किसी भेदभाव के निशुल्क सेवा की जाएगी। अस्पताल के अध्यक्ष डॉक्टर जयदेव ने बताया कि स्नेह स्पर्श बीमारी के उपचार का दावा नहीं बल्कि बीमारी की तकलीफ कम करने की एक कोशिश है। उन्होंने बताया कि सभी कार्य दिवस पर यह योजना सुबह दस से शाम चार बजे तक रहेगी। डॉक्टर विजय बंसल ने बताया कि स्नेह स्पर्श की टीम में एक नर्स, एक वार्ड ब्वाय और जरूरत अनुसार डॉक्टर की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि यह टीम मरीजों के घर जाकर उनकी बीमारी के लक्षणों का अनुमान लगाकर दर्द निवारक अन्य संसाधनों के जरिए मरीजों की सेवा करेगी। रोटरी क्लब ऑफ अम्बाला के प्रधान पंकज गुप्ता ने बताया कि यह योजना एनआरआई दंपति डॉक्टर रवि बंसल, डॉक्टर प्रतिभा बंसल द्वारा चलाई जा रही है।