पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रदेशभर के 34 अस्पतालों में खाली पड़े पदों पर 95 डाॅक्टर की ड्यूटी के निर्देश

प्रदेशभर के 34 अस्पतालों में खाली पड़े पदों पर 95 डाॅक्टर की ड्यूटी के निर्देश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्वास्थ्यमंत्रीबनने के बाद पहले ही दिन से सरकारी अस्पतालों में छापेमारी कर डाक्टरों को सस्पेंड करने के कारण सुर्खियों में आए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोमवार को प्रदेशभर में 34 अस्पतालों में खाली पड़े डाक्टरों के पदों पर तुरंत प्रभाव से 95 डाक्टरों को ड्यूटी पर तैनात करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विज ने डेपुटेशन पर गए 100 डाॅक्टरों को बुलाने के आदेश भी जारी किए हैं।

ध्यान रहे कि हाल ही में कुछ दिनों पूर्व प्रदेश के 34 अस्पतालों में डाॅक्टर नहीं होने की बात विज ने स्वीकार की थी। सोमवार को अम्बाला कैंट के रेस्ट हाउस में भास्कर से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि डेपुटेशन पर गए डाॅक्टर प्रदेश सरकार से वेतन ले रहे हैं, लिहाजा मरीजों को सेवाएं देना उनकी नैतिक जिम्मेदारी भी बनती है। डॉक्टरों को सस्पेंड करने के मामले में अनिल ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले डाॅक्टरों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही जो डाॅक्टर अच्छा काम करेंगे, उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा। खाली पड़े अस्पतालों में उन जिलों से डाॅक्टरों को भी भेजा जाएगा, जहां पर संख्या 100 फीसदी से अधिक है। विज ने कहा कि जिस अस्पताल में डाॅक्टर नहीं उसे अस्पताल कैसे कहा जा सकता है।

बदली कराने आए डाॅक्टर को भेजा बैरंग

इससेपहले एक डाॅक्टर पंचकूला में अपनी ट्रांसफर कराने के लिए जनता दरबार में अनिल विज से मिला। डाॅक्टर ने उन्हें अपनी समस्याएं बताते हुए पंचकूला ट्रांसफर करने की गुहार लगाई। इस पर विज ने डाॅक्टर को स्पष्ट तौर पर इंकार करते हुए कहा कि जहां पहले से अधिक डाॅक्टर हैं, वहां किसी को ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। उलटा वहां से दूसरे डाॅक्टरों को अन्य जिलों के अस्पतालों में ट्रांसफर किया जाएगा। विज के ऐसा कहने के बाद डाॅक्टर बैरंग लाैट गया।