अम्बाला सिटी। नाका तोड़कर भाग रहे पशु तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। वारदात मंगलवार देर रात की है। फायरिंग में तीन जवान बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने पुलिस की अपनी गाड़ी से पुलिस की जिप्सी भी उड़ाने की कोशिश की। पर कामयाबी नहीं मिली। इस प्रयास में तस्करों की अपनी गाड़ी ही खदान में गिर गई। घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर तस्कर भागने में कामयाब रहे। पूरी रात पुलिस आरोपियों को तलाशती रही। पर उनका कहीं भी सुराग नहीं लग पाया। अब पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी जब्त कर उनके खिलाफ पुलिस जवानों पर गोली चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से दो
मोबाइल फोन भी मिले हैं। उनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। महेशनगर एरिया में पिछले कई दिन से पशु तस्कर हरकत में थे। पुलिस को इस बात की भनक लग गई।
पुलिस इन तस्करों को पकड़ने की कोशिश में थी। इसी मकसद से महेशनगर पुलिस ने मंगलवार रात टांगरी नदी के पास नाका लगाया था। नाके पर एएसआई राजिंदर सिंह, हेडकांस्टेबल कुलदीप सिंह व
सुशील कुमार तैनात थे। तभी पुलिस ने कैंट की ओर से आ रही एक गाड़ी को रुकने की इशारा किया। पर गाड़ी से अचानक पत्थर बरसने शुरू हो गए। यह देखते ही पुलिस जवान चौकस हो गए। तभी आरोपी नाका तोड़कर भाग गए। पुलिस की मानें तो नाका तोड़ते ही आरोपियों ने अपनी गाड़ी का बैक गियर लगा दिया। तब आरोपियों ने अपनी गाड़ी से पुलिस जिप्सी को टक्कर मारने की कोशिश की। इस प्रयास में आरोपियों की अपनी गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे खदान में जा गिरी। खदान में गिरे तस्करों को देखने के लिए जब जवान उनके पीछे गए तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एएसआई राजिंदर की मानें तो उन पर आरोपियों ने दो गोलियां चलाई। तभी जवानों को बीटी करनी पड़ी। बुधवार सुबह ही पुलिस ने क्रेन के जरिए तस्करों की गाड़ी को खदान से निकाला।