- Hindi News
- टांगरी पुल पर ट्रैक्टर चालक ने साइंस कारोबारी को कुचला
टांगरी पुल पर ट्रैक्टर चालक ने साइंस कारोबारी को कुचला
अम्बाला-जगाधरीरोडपर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने बाइक पर जा रहे साइंस कारोबारी की जान ले ली। हादसे में कारोबारी का बेटा भी बुरी तरह घायल हो गया जो अस्पताल में उपचाराधीन है। शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। रविवार को ऋषिकेश में उनका अंतिम संस्कार होगा।
मृतक के रिश्तेदार विकास ने बताया कि लक्ष्मीपुरा के रहने वाले नरेंद्र भंडारी का साइंटिफिक सामान बनाने का काम है। वह अपने बेटे नितिन के साथ शनिवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे कैंट किसी काम से रहे थे। जगाधरी रोड पर रामा फिलिंग स्टेशन के सामने बजरी से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक उन्हें रौंदता हुआ कई फीट दूर तक ले गया। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने बाप-बेटे को ट्राॅली के नीचे से निकाला और पास के एक निजी अस्पताल में भेजा। वहां डाॅक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए कैंट सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डाॅक्टरों ने नरेंद्र भंडारी को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में कोहराम मच गया।
हर तरफ दुख और दर्द से भरी चीखों की पुकार सुनाई दी। कुछ देर बाद नरेंद्र के बेटे नितिन को भी अस्पताल में लाकर भर्ती करवा दिया गया।
नवविवाहित नितिन को भी गंभीर चोटें आई हैं। महेशनगर पुलिस ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन कर रही है। जगाधरी रोड पर अक्सर होने वाले हादसे ने लोगों के दिलों में खौफ पैदा कर दिया है।