अंबाला। खुली आंखों से तो हर कोई देख सकता है। लेकिन बंद आंखों से देखना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी है। आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि सिटी का रहने वाला घड़ी साज सुरेंद्र कुमार आंखों पर पट्टी बांधकर दो मिनट में दीवार घड़ी के करीब 17 पुर्जे जोड़ उसे ठीक कर सकता है। दरअसल सुरेंद्र कुमार पिछले 29 सालों से अपनी जनता वॉच कंपनी के नाम से पटेल राेड स्थित दुकान पर घड़ी की रिपेयर का काम करता है। इससे पूर्व उसके पिता हरबंस सिंह भी घड़ी रिपेयरिंग का काम करते थे।
सुरेंद्र कुमार का कहना है कि घडिय़ों की रिपेयर करना उसने अपने पिता से ही सीखा है। समय-बीतने के साथ-साथ उसके दिमाग में यह बात बैठ गई कि घड़ी को हर कोई रिपेयर कर सकता है, क्यों न कुछ हट के किया जाए।
दूसरों से कुछ अलग करने की चाह में उसने दुनिया में सबसे हट ही किया और बना दी उल्टी चलने वाली घड़ी। जो समय तो सभी घडिय़ों की तरह देती है लेकिन चलती उल्टी है। इतना ही नहीं उसने डॉ. एपीजे अब्दुल कमाल की फोटो वाली घड़ी भी बनाई, जिसकी आज ऑनलाइन बुकिंग होती है।