अम्बाला | सोमवारकी सुबह माछीवाड़ा और समराला के दरमियान नहर में गिरी आल्टो कार हादसे की जांच के लिए मृतका रजविंदर कौर के पिता गुरमीत सिंह ने सीबीआई और सेना पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि कार नहर में जानबूझकर गिराई गई कि वह अनियंत्रित होकर नहर में गिरी है। टुंडली के रहने वाले पूर्व सरपंच स्वयं सेना की 7 सिख रेजिमेंट से रिटायर हैं।
बतौर रिटायर्ड सैनिक उन्होंने सेना की जांच एजेंसियों से मदद की विनती की है। ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। गुरमीत सिंह का कहना है कि पंजाब पुलिस की ओर से जरा भी मदद नहीं की जा रही और मामले की लीपापोती हो रही है। उनका कहना कि हादसे में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी रजविंदर कौर के साथ ही पौने दो साल के दोहते कंवलप्रीत सिंह को भी गंवा दिया है। गुरमीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद वह खुद अपने रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। किसी भी सूरत में यह घटना हादसा नहीं लग रही।