अम्बाला. ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अब कम्बल व बेड-रोल लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। रेल मंत्री सुरेश प्रभु के आदेशानुसार आईआरसीटीसी ने ऑन लाइन बेड रोल सेवा की शुरुआत कर दी है. इस नई स्कीम के जरिए रेलवे के पैसेंजर बेड रोल और कम्बल की ऑनलाइन बुकिंग कर खरीद सकते हैं। इस सेवा के लिए रेलवे ने कम्बल की कीमत 110 रुपए तय की है। इसी तरह से दो बेड शीट और दो तकियों की कीमत 140 रुपए रखी गई है।
हालांकि, इस सेवा का लाभ उन लोगों को ही मिल पाएगा, जिनके पास पीएनआर नंबर होगा। पैसेंजर स्टॉल से भी कम्बल और बेड शीट के सेट को खरीद सकते हैं। इस सेवा की शुरुआत मध्य रेलवे स्टेशन चेन्नई और दक्षिण रेलवे के तिरुअनंतपुरम रेलवे स्टेशन पर की जाएगी।
क्या है ई-बेड-रोल्स
आईआरसीटीसी द्वारा दिए जाने वाले बेड-रोल्स डिस्पोजेबल हैं इसलिए यात्री इन्हें यात्रा की समाप्ति के बाद घर ले जा सकते हैं। रेल यात्रियों को सुविधा देने के लिए दो प्रकार की किट तैयार की गई है। बेड-रोल्स किट गैर बुने कपड़े के थैले में पैक की गई है जिसमें दो सूती बेड-सीट और एक तकिया शामिल है। किट के इन मूल्यों में सभी कर शामिल हैं और ये सभी स्टेशनों पर एक समान मूल्य पर मिलेंगी।
कन्फर्म टिकट यात्री ही करा सकता है बुकिंग
यात्री के पास रेलवे स्टेशन से यात्रा करने का वैध (कंफर्म) टिकट होना चाहिए। वह किसी भी किस्म की या दोनों किस्म की बेड-रोल्स किट की एक साथ बुकिंग कर सकता है। बुकिंग टैब बेड-रोल्स के अधीन www.irctctourism.com पर उपलब्ध है। बेड-रोल्स किट स्टेशनों पर नामित काउंटर से नकद भुगतान पर भी खरीदी जा सकती हैं। वेबसाइट में पीएनआर नंबर पूछा जाता है और उसकी पुष्टि करके किट की उपलब्धता और लागत के बारे में जानकारी उपलब्ध कराती है। यात्री आवश्यक बेड-रोल्स किट बुक करके भुगतान क्रेडिट/डैबिट/पूर्व चार्ज कार्ड के माध्यम से कर सकते हैं।