अम्बाला। नॉर्दर्न रेलवे जीएम एके पुठिया ने मंगलवार सुबह 9 बजे काली-पलटन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीआरएम अम्बाला मंडल दिनेश कुमार के साथ सीओएम, पीसीई, सीसीई, सीएससी के साथ आरपीएफ आईजी संजय किशोर भी दलबल के साथ मौजूद रहे। 15 मिनट के ठहराव के दौरान उन्होंने पुल का निरीक्षण कर संबंधित कंपनी के अधिकारियों को जल्द काम खत्म करने के आदेश दिए। इसके बाद वह चंडीगढ़ में चीफ सेक्रेटरी से बैठक के लिए निकल गए। बैठक के बाद चंड़ीगढ़ से ही वह ऊंचाहार एक्सप्रेस के साथ जोड़े गए स्पेशल कोच में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हा़े गए।
हरियाणा चीफ सेक्रेटरी से मंगलवार की बैठक के लिए नाॅर्दर्न रेलवे जीएम सोमवार देर रात लगभग 3 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान अम्बाला मंडल के उच्चाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंगलवार सुबह लगभग तय कार्यक्रम अनुसार अम्बाला-चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने से पहले जीएम ने यार्ड के पास बन रहे काली-पलटन पुल का निरीक्षण किया। 15 मिनट के निरीक्षण के दैारान जीएम ने पुल निर्माण कार्य से संबंधित दस्तावेज काे देखा। कंपनी व रेलवे अधिकारियों को पुल निर्माण कार्य को तेज करने के आदेश दिए। इसके बाद जीएम ने अम्बाला-चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक पर स्थित सभी रेल फाटकों व रास्ते में अाने वाली सभी क्राॅसिंग का निरीक्षण किया। जीएम ने लालडू स्टेशन के पास बने नए फाटक नंबर 106 का शुभारंभ भी किया। यहां से वह सीधे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
चंडीगढ़ पहुंच जीएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। चंडीगढ़ में चीफ सेक्रेटरी के साथ बैठक के दौरान गाड़ियों के संचालन, ठहराव व अन्य मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। इस पूरे दौरे के दौरान अम्बाला मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार अपने अन्य अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
दिल्ली में उच्चाधिकारियों के साथ सांसदों की होगी मंत्रणा
नाॅर्दर्न रेलवे जीएम द्वारा अम्बाला-चंडीगढ़ ट्रैक पर रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण, रेलवे विद्युतीकरण, फाटकों का निरीक्षण के साथ गाड़ियों व ट्रैक का रखरखाव आदि की जांच कर कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। हरियाणा चीफ सेक्रेटरी के साथ चल रहे विकास कार्यों के साथ अन्य मांगों से संबंधित बातों पर विचार-विमर्श किया गया। मांगों के संबंध में दिल्ली रेलवे हेडक्वार्टर में नाॅर्दर्न रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ हरियाणा के सभी सांसदों की मंत्रणा होगी।