अम्बाला। अगर आपको ट्रेन की घटिया बासी चाय पसंद नहीं है तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब ट्रेन में न केवल आपको बढ़िया चाय मिलेगी, बल्कि इसके कई फ्लेवर होंगे। इसके लिए आईआरसीटीसी ने मशहूर टी कैफे चेन चायोस के साथ करार किया है।
हालांकि, इसके लिए आपको कुछ ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। फिलहाल चायोस 25 किस्म की चाय उपलब्ध कराती है। रेल यात्री अपनी पसंद से किसी किस्म का आर्डर दे सकेंगे। इनमें कुल्हड़ चाय, अदरक-तुलसी चाय, शहद-अदरक-नींबू चाय से लेकर आम-पापड़ और हरी मिर्च चाय जैसी वेरायटी शामिल हैं। आईआरसीटीसी द्वारा लगातार यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। खान-पान की व्यवस्था को लगातार सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर केे दौरान चाय पीने की काफी आदत हाेती है। लेकिन चाय की घटिया क्वालिटी को देखते हुए कुछ यात्री चाय नहीं पी पाते। यात्रियों से लगातार आ रहीं शिकायतों के बाद आईआरसीटीसी ने ट्रेन में यात्रा के दौरान अलग-अलग प्रकार की बढ़िया चाय पिलाने का फैसला किया है। इसके लिए बाकायदा एक प्राइवेट कंपनी चायोस के साथ से समझौता भी किया गया है। चायोस की चाय खास किस्म की डिस्पोजेबल केतली में मिलेगी। इसमें चार कप गर्म चाय होगी। इसके लिए आपको 60 रुपए चुकाने होंगे। इस तरह एक कप चाय 15 रुपए की पड़ेगी। अभी ट्रेनों में वेंडरों द्वारा बेची जाने वाली सामान्य चाय का मूल्य 10 रुपए होता है। चायोस की केतली को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें करीब एक घंटे तक चाय गर्म बनी रहती है। फिलहाल यह सुविधा सिर्फ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों के लिए शुरू की गई है लेकिन जल्द ही यह सुविधा देश के अन्य मुख्य रेलवे स्टेशनों पर भी चायोस की चाय उपलब्ध
कराई जाएगी।
1400 करोड़ के घाटे को पूरा करने के लिए रेलवे बदल सकता है नियम
रेलवे एसी फर्स्ट से सीनियर सिटिजन कोटा खत्म कर सकती है। इसके साथ ही कई अन्य श्रेणियों में भी दिए जाने वाली छूट को खत्म करने पर विचार हो रहा है। इस महीने के अंत में आने वाले रेल बजट में इसका एलान किया जा सकता है।
श्रेणियों को छूट: फर्स्ट एसी में सीनियर सिटिजन को 50 पर्सेंट डिस्काउंट मिलता है। इसे खत्म करने के लिए पॉलिटिकल लीडरशिप से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। अभी रेलवे कुल 53 कैटेगरी में डिस्काउंट देता है। इनमें डिसएबल्ड, आर्टिस्ट, स्पोर्ट्समैन, वॉर-विडो, डॉक्टर, सीनियर सिटिजन और जर्नलिस्ट शामिल हैं। इनसे रेलवे को हर साल 1400 करोड़ रुपए का घाटा होता है।
आईआरसीटीसी का नया आॅफर
आईआरसीटीसी ने यात्रियों के लिए एक नया ऑफर पेश किया है। इसके तहत ई-कैटरिंग के तहत 300 रुपए से अधिक का खाना ऑर्डर करने वाले यात्रियों को 10 फीसद रकम कैश बैक के रूप में वापस मिलेगी।
ऐसे करें ऑर्डर
चाय यात्रियों को उनकी सीट पर ही मिलेगी। सफर के दौरान मुख्य स्टेशन आने से दो घंटे पहले डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.ईकैटरिंग.आईआरसीटीसी.सीओ.आईएन पर लॉग-इन करके चाय का ऑर्डर दिया जा सकता है। 1800-1034-139 पर फोन कर चाय का ऑर्डर दे सकते हैं।
आईआरसीटीसी लगातार यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रही है। कभी ऑन लाइन टिकटिंग सुविधा में तो कभी खान-पान में। ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों को साफ-सुथरा व पौष्टिक खाना देने के लिए आईआरसीटीसी लगातार प्रगति पथ पर है। इस सुविधा से यात्रियों को सेहत के हिसाब से चाय का आनंद लेने को मौका मिलेगा।
दिनेश कुमार, डीआरएम