कैथल. पेट्रोलियम गैस मंत्रालय में जान पहचान होने की बात कहकर गैस एजेंसी दिलवाने के नाम पर 43.5 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सिविल लाइन थाना में दर्ज हुआ है। आरोपियों ने धोखाधड़ी के लिए सिफारिश के नाम पर तत्कालीन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री आस्कर फर्नांडीज व तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोईली के फर्जी पत्र तक बना डाले। फर्जीवाड़े का पता चलने के बाद जब पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अपनी पत्नी से बलात्कार का केस दर्ज कराने की उसकी धमकी दिलवाई। पुलिस ने तीन पर केस कर किया है। दुकानदार सतीश बंसल ने शिकायत में बताया कि वह और उसका पार्टनर केसोपाल गैस एजेंसी लेने के इच्छुक थे।
वर्ष 2012 में सजूमा गांव निवासी बलबीर सैनी ने पेट्रोलियम मंत्रालय में जान-पहचान की बात कहकर गैस एजेंसी दिलवाने का झासा दिया था। बलबीर ने दिल्ली निवासी हजारी लाल व मुनीष से मुलाकात कराई। तीनों ने कहा कि एक महीने में गैस एजेंसी शुरू कराने का झांसा देकर छह बार में 43.5 लाख रुपए हड़प लिए। इसमें से 17 लाख रुपए दो बार पेट्रोलियम मंत्रालय में बुलाकर लिए गए।