अम्बाला सिटी. बिचपड़ी-मर्दों साहिब गांव में पंचायती जोहड़ पर कब्जे के मामले की जांच अब स्वयं एडीसी मुकेश आहुजा करेंगे। बीपीडीपीओ के ढुलमुल रवैये के खिलाफ शुक्रवार को कई ग्रामीणों ने ऑफिस के बाहर ही हड़ताल पर बैठने का ऐलान कर दिया था। एडीसी ने धरने पर बैठे गए कश्यप बिरादरी के जिला प्रधान रामकेश गोरखा, रमेश सिंह, कृष्णा देवी, बृजपाल, नेहा से कहा कि आप अपने घर जाइए, जांच कर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गांव के लोग पिछले छह माह से गांव बिचपड़ी ब्लॉक वन में पडऩे वाले 100 साल पुराने जोहड़ पर सरपंच द्वारा कब्जा करने का आरोप लगा रहे हैं। मामले में कोई कार्रवाई न होने पर गांव के लोग रामकेश गोरखा के नेतृत्व में एडीसी कार्यालय के सामने बैठ गए। उन्होंने मामले में बीडीपीओ ब्लॉक वन दिनेश शर्मा, पंचायत अफसर राजकुमार पर हीला-हवाली व दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाया।
रामकेश गोरखा ने कहा कि शुक्रवार को जब बीडीओ दिनेश शर्मा व पंचायत अफसर राजकुमार से जब डिस्पैच नंबर मांगा तो उन्होंने कार्यालय में से धक्के मार कर बाहर कर दिया। इस अपमान की वजह से वह भूख-हड़ताल पर बैठ गए। गांववालों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। रामकेश गोरखा ने कहा कि जिस जोहड़ को सरपंच व उसके घर वाले मिट्टी डालकर कब्जा कर रहे हैं, वहां पशु पानी पीते हैं।
गांव के पानी की निकासी भी जोहड़ में होती है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग मामले को लेकर छह बार वित्त मंत्री से मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि डीडीपीओ द्वारा सरपंच को भेजी गई कारण बताओ नोटिस को भी बीडीपीओ ने दबा लिया। जब बीडीपीओ से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सरपंच ने जवाब नहीं दिया है।