शहजादपुर | गांव डेरा की रूपम (बदला हुआ नाम) की जिंदगी ही बिखर गई। अब वह उस घड़ी को कोस रही है जब उसने प्रेमी से शादी रचाई। रूपम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद प्रेमी ने उसे दोस्तों को परोसने का प्रयास किया। फिर उसकी बोली लगाने की कोशिश की। किसी तरह वह बच तो निकली। अब उसे कोई अपनाने को तैयार नहीं है।
प्रेम विवाह की वजह से परिजनों ने पहले उससे नाता तोड़ दिया। उसकी जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले को सजा मिले, इस मकसद से रूपम ने पुलिस को शिकायत दी है। हालांिक उसका पति जिले सिंह सभी आरोपों को नकार रहा है।
सौंपी शिकायत
^युवती ने शिकायत दी है। उसने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी। पीड़िता को हरसंभव तरीके से इंसाफ दिलवाया जाएगा।
मेहर सिंह, थाना प्रभारी, शहजादपुर
तीन साल पहले रचाई शादी
प्रेम संबंध होने की वजह से उपलाना के जिले सिंह व रूपम ने जन्म-जन्म तक साथ रहने की कसमें खाई थी। उन्होंने तीन साल पहले शादी रचा ली। रूपम के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। इसके लिए उन्हें मना भी किया गया लेकिन जिले सिंह के प्यार में पागल रूपम हर हाल में उसके साथ जीने-मरने की कसम खा चुकी थी। रूपम का कहना है कि शादी के बाद जिले सिंह का स्वभाव बदल गया। वह हर रोज उससे मारपीट करने लगा। कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दी ।
जब रूपम को जिले की असलियत मालूम हुई तो पांव तले से जमीन खिसक गई। एक अनजान शख्स को उसे बेचने की कोशिश की गई। मुसीबत में फंसी रूपम ने मदद के लिए अपनी बुआ के लड़के को बुलाया। किसी तरह वह बहन को जिले के चंगुल से निकालने में कामयाब रहा।
(फोटो- शिकायत दिखाती महिला।)