पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअम्बाला सिटी. बलदेवनगर स्कूल से गायब बोर्ड की साइंस विषय की 49 उत्तरपुस्तिकाएं मिल गई हैं। उत्तरपुस्तिकाएं सुल्लर गांव की एक महिला के पास थीं। जिन्हें बुधवार को सुल्लर गांव के प्रिंसिपल लोकेंद्र ने बीईओ सुमन मुंजाल को सौंप दिया। शिक्षा विभाग ने उत्तर पुस्तिकाएं मिलने की सूचना तत्काल बोर्ड अधिकारियों के पास भेज दी है।
सुल्लर गांव की एक महिला को उत्तर पुस्तिकाओं से भरा बैग मिला था। बैग को वह अपने घर पर ले गई और ज्यों का त्यों ही रख दिया। बुधवार को पारिवारिक सदस्यों ने बैग खोला तो उसमें उत्तर पुस्तिकाएं थीं। पड़ोस में रहने वाले प्राइमरी स्कूल की स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान नरेश कुमार को इसकी सूचना दी। उत्तर पुस्तिकाओं को देख एसएमसी प्रधान तत्काल ही गांव के सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य लोकेंद्र के पास गए। उन्होंने बीईओ सुमन मुंजाल को जानकारी दी और खुद ही एसएमसी प्रधान के साथ उत्तर पुस्तिकाएं लेकर शिक्षा विभाग के कार्यालय में पहुंच गए।
लिखाई की जांच से पता चलेगा दोषी कौन
उत्तरपुस्तिकाएं चेक हैं। केंद्र से बाहर मिलने पर अब जांच का विषय यह है कि आखिर इसे बाहर कौन लेकर गया? किस अध्यापक ने इन्हें चेक किया क्योंकि बोर्ड नियमों के अनुसार उत्तरपुस्तिकाएं परीक्षा केंद्र पर ही चेक की जा सकती हैं। उत्तरपुस्तिकाएं चेक हैं, लिहाजा अब राइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराकर यह पता चल जाएगा कि उत्तर पुस्तिकाएं सहायक पर्यवेक्षक मनप्रीत कौर ने जांची है या फिर किसी दूसरे अध्यापक ने।
क्योंकि बोर्ड को दिए गए बयानों में मुख्य पर्यवेक्षक सरिता शुक्ला और सहायक पर्यवेक्षक मनप्रीत ने कहा था कि उत्तरपुस्तिकाएं परीक्षा केंद्र में ही चेक की गई हैं। केंद्र से बाहर नहीं जा सकतीं। जबकि परीक्षा केंद्र में इस बात की चर्चा थी कि स्कूल की एक महिला अध्यापक साइकिल पर उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल अपने घर पर लेकर गई थी। जबकि इस महिला अध्यापक की चेकिंग में ड्यूटी नहीं थी, लेकिन राइटिंग एक्सपर्ट की जांच से पता चल जाएगा कि उत्तरपुस्तिकाएं किसने चेक की हैं?
उत्तरपुस्तिकाएं सुल्लर गांव की महिला के पास थी। लेकिन अब बीईओ सुमन मुंजाल के कस्टडी में है। उत्तरपुस्तिकाओं के मिलने की सूचना डीसी को दे दी गई है।
अनिल शर्मा, डीईओ, अम्बाला।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.