अम्बाला सिटी। एसजीएन पाॅलीटेक्निक के स्टूडेंट सुरिंद्र सिंह पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया है। बेहोशी की हालत में उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस सिलसिले में पुलिस ने जख्मी स्टूडेंट के बयान भी दर्ज किए हैं। फिलहाल हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया। जांच के बाद ही पुलिस केस दर्ज करने की बात कह रही है। हमले के पीछे रंजिश बताई जा रही है।
घायल स्टूडेंट के भाई गुरविंद्र सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई सुरिंद्र सिंह एसजीएन पॉलीटेक्निक का स्टूडेंट है। वीरवार को जब वह पॉलीटेक्निक से लौट रहा था तभी कुछ हथियारबंद युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
गुरविंद्र सिंह ने बताया कि सुरिंद्र ने जान बचाने के लिए भागने का भी प्रयास किया। इसकी मकसद से वह बस में भी सवार हो गया था। गुरविंद्र की मानें तो बस में भी उसके भाई से मारपीट की गई। इसी वजह से उसके सिर पर गहरी चोटें आई। गुरविंद्र का आरोप है कि गांव के ही गुरप्रीत सिंह के इशारे पर यह हमला हुआ है। उसने बताया कि गांव में कुछ रोज पहले भी मारपीट हुई थी।
मारपीट की वजह से ही गुरप्रीत को उसके भाई के साथ रंजिश थी। गुरविंद्र का आरोप है कि हमले से पहले गुरप्रीत ने स्वयं रैकी की। हमलावरों को उसके भाई की पहचान भी बताई।
उसने बताया कि हमलावरों ने उसके भाई के दोस्त को भी नहीं बख्शा। हालांकि उसे गंभीर चोटें नहीं लगी। पुलिस चौकी नंबर-3 के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
(फोटो- अस्पताल में उपचाराधीन युवक। )