पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Asking ATM Password And 62000 RS.from Account Theft

मोबाइल से ठगी का शिकार हुआ रेलवे वेंडर, लुट गई जिंदगी भर की जमापूंजी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला. पक्की सराय के हीरालाल की जीवनभर की कमाई चंद मिनटों में ही लुट गई। वह टेलीफोन द्वारा हाेने वाली मोबाइल ठगी का शिकार हो गया। चंद मिनटों में ही उसके खाते से 62 हजार रुपए साफ हो गए। अब वह पुलिस और बैंक से मदद की गुहार लगा रहा है परंतु हर तरफ से उसे दुत्कार कर भगाया जा रहा है। घटना के बाद हीरालाल काफी तनाव में आ गया।
हीरालाल ने रोते हुए बताया कि वह रेलवे स्टेशन पर एक कांट्रेक्टर के पास रेलवे वेंडर का काम करता है।
पाई-पाई जोड़कर पैसे जमा किए और रेलवे स्टेशन पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाता खुलवाया। हीरालाल ने बताया कि 22 सितंबर को उसके मोबाइल पर एक महिला ने फोन करके कहा कि वह बैंक से बोल रही है। बैंक की आेर से सभी एटीएम कार्ड धारकों के कार्ड बदलने की प्रक्रिया चल रही है। इसलिए एटीएम पर लिखा कोड और पिन बताने हाेंगे। हीरालाल बातों में आ गया और उसने पूरी जानकारी महिला को दे दी।
हीरालाल ने बताया कि कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया जिससे उसे खाते से पैसे कटने के बारे में पता चला। इसके बाद एक के बाद एक कई मैसेज आए और पैसे कटते चले गए। हीरालाल ने बताया कि उसने महिला के मोबाइल पर फोन करके पैसे कटने की सूचना दी तो महिला ने कहा कि पुराने कार्ड से नए कार्ड में पैसे ट्रांसफर होने के दौरान ऐसा होता है। पैसे कट नहीं रहे बल्कि नए कार्ड में जमा हो रहे हैं।
कुछ देर बाद महिला मोबाइल भी स्विच आॅफ हो गया। अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में हीरालाल ने अपने परिजनों और परिचितों को बताया तो वह उस पर काफी नाराज भी हुए। हीरालाल ने बताया कि जब वह अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत देने जीआरपी थाने में गया तो वहां से उसे भगा दिया गया। बैंक से भी कोई मदद नहीं मिल रही। अब हीरालाल दोनों महकमों के आला अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाएगा।
(कैंट रेलवे का वेंडर हीरालाल अपने बैंक अकाउंट से पैसा निकलने के बारे में बताता हुआ।)