पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

3 नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात, ट्रैक्टर से बांधकर उखाड़ी एटीएम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रादौर/यमुनानगर। प्रदेशभर में निरंतर एटीएम उखाड़ने के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी मामले को ट्रेसआउट नहीं कर पाई है। यमुनानगर के रादौर कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को तीन नकाबपोश बदमाश सोमवार अलसुबह उखाड़ ले गए। बैंक अधिकारियों के अनुसार मशीन में 21 लाख 74 हजार 500 रुपए थे। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम रूम में लगे सीसीटीवी को तोड़ा लेकिन पूरी वारदात पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
फुटेज में सामने आया है कि बदमाशों ने ट्रैक्टर से मशीन को उखाड़ा और इसके बाद ट्रैक्टर पर ही उसे लोड कर ले गए। बदमाशों ने नकाब पहना हुआ था। रात के समय एटीएम पर कोई सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात नहीं था। सोमवार सुबह एक व्यक्ति पैसे निकलवाने गया तो वहां से मशीन गायब मिली। उसने सूचना बैंक अधिकारियों और पुलिस को दी। बाद में थाना रादौर प्रभारी वीरेंद्र राणा मौके पर पहुंचे। बाद में सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके का मुआयना किया। राणा के अनुसार फुटेज से पता चला है कि नकाबपोश 3 बजकर 16 मिनट पर एटीएम रूम में दाखिल हुए और 3 बजकर 34 मिनट पर मशीन को ट्रैक्टर पर लोड कर फरार हो गए।

शनिवार को डाले थे 21 लाख रुपए
पीएनबी प्रबंधक एलसी चौधरी ने बताया कि शनिवार शाम को मशीन में 21 लाख 74 हजार 500 रुपए की राशि डाली गई थी। बदमाश कितना पैसा ले गए हैं और कितना ग्राहकों की ओर से निकाला जा चुका था, इसकी जांच कर रहे हैं। बैंक की ओर से एटीएम देखरेख का ठेका एक कंपनी को दिया हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में चोर भारी भरकम मशीन को खींचते हुए ट्रैक्टर के पास ले गए। चोरों ने एटीएम मशीन को रस्सी से ट्रैक्टर के पीछे बांधा और चलते बने।

यहां भी उखाड़े जा चुके हैं एटीएम : इससे पहले हिसार, फरीदाबाद, गुड़गांव, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत में भी कार या किसी अन्य वाहन से बांधकर एटीएम उखाड़े जाने के मामले सामने आ चुके हैं।
उत्तर हरियाणा में भी बदमाश बेखौफ
यमुनानगर : 2010 में बदमाशों ने वर्कशॉप स्थित पीएनबी ब्रांच के एटीएम में तोडफ़ोड दिया था। बाद में सीसीटीवी कैमरे की रिकाॅर्डिंग ले गए थे।
> 2012 में हुडा 18 के मोड पर स्थित एटीएम को बदमाशों ने तोडऩे का प्रयास किया था।
> 2013 में हुडा सेक्टर 17 स्थित एसबीआई के एटीएम को बदमाशों ने उठाने का प्रयास किया था। कामयाब नहीं होने पर तोडफ़ोड़ की थी।
> 2012 अक्टूबर को पंजाब एंड सिंध बैंक के चार लॉकर से सामान लूट गया था।
कैथल : लघुसचिवालय के सामने वाले एसबीआई के एटीएम में वर्ष 2014 में पैसे डालने वाले ऑपरेटर ने की 25 लाख रुपए की गड़बड़ी, एक साल से कर रहा था गड़बड़
> वर्ष 2010 में अंबाला रोड पर ओरिंटएल बैंक का एटीएम रेहड़ी में लादकर ले जाने की कोशिश, चौकीदार ने पुलिस बुलाई, बदमाश छोड़कर भागे
अम्बाला : सिटी के नारायणगढ़ रोड पर अक्टूबर 2013 में एचडीएफसी के एटीएम का उखाड़कर 5.50 लाख की चोरी।
> कुछ माह पहले कैंट के देना बैंक एटीएम को भी उखाड़ने का प्रयास किया गया था।
रेवाड़ी/फरीदाबाद : रेवाड़ी में 23 जुलाई को धारूहेड़ा के भगत सिंह चौक के निकट स्टेट बैंक व रत्नाकर बैंक के दो एटीएम बूथों को बदमाशों ने वेल्डिंग मशीन से काटने का प्रयास किया था। इसके अतिरिक्त खोल बस स्टैंड सहित पीएनबी के एटीएम को 16 अगस्त की रात को बदमाश उखाड़कर ही ले गए थे। मशीन में 19 लाख की नकदी थी।
कोसली में भी बदमाशों ने एटीएम को उखाड़ने का प्रयास किया था। वहीं, फरीदाबाद के पलवल में 20 नवंबर को 20 लाख से भरा एटीएम चोर ले गए थे। आरोपियों ने गार्ड को बंधक बनाकर वारदात की थी। अभी तक किसी भी मामले को पुलिस नहीं सुलझा पाई है।