चंडीगढ़। ओलिंपियन बॉक्सर हरियाणा के मनोज कुमार अर्जुन बनने की लड़ाई में आखिरकार जीत ही गए। उन्हें एशियन गेम्स के बाद खेल मंत्री एक समारोह में अर्जुन पुरस्कार से नवाजेंगे। भास्कर से बातचीत में स्पोर्ट्स एथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के डायरेक्टर जनरल जेआईजेआई थॉमसन ने कहा कि मनोज को अर्जुन अवॉर्ड मिलने जा रहा है और इस बारे में खेल मंत्रालय औपचारिक तौर पर मनोज को सूचित कर देगा।
थॉमसन ने कहा कि एशियन गेम्स के बाद दिल्ली में एक छोटा सा फंक्शन कर खेल मंत्री मनोज को यह पुरस्कार देंगे। मनोज एशियन गेम्स के लिए भारतीय बॉक्सिंग टीम में शामिल हैं।
हाईकोर्ट में दी थी अर्जी
मनोज ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अवॉर्ड के लिए बनी अंक प्रक्रिया के मुताबिक मनोज के 32 अंक थे जबकि अर्जुन अवॉर्ड से नवाजे जा चुके दूसरे बॉक्सर जयभगवान के 30 अंक थे। साई की दलील थी कि मनोज डोप टेस्ट में पॉजिटव पाए थे, लेकिन बाद में साफ हुआ कि वह मनोज स्कूली बॉक्सर था न कि ओलिंपियन मनोज। यह बात साई के डीजी को भास्कर ने मैसेज के जरिए बताई थी। इसकी पूरी जानकारी थॉमसन को दी थी और उन्होंने भास्कर को मैसेज कर इसे ठीक करने का भरोसा दिलाया था।