मुलाना। बैंक आॅफ बड़ौदा में सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक छीनने का प्रयास करने वाले तंजानिया के कमल अब्दुल करीम को पुलिस ने काबू कर लिया है। युवक के खिलाफ बैंक में लूट की कोशिश का केस भी दर्ज किया गया है। उसके पास से पुलिस को नंबरप्लेट व पेंचकस भी मिला है। अब तक की जांच में यह पता चला है कि वह एमएम यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस थर्ड इयर का छात्र है। पढ़ाई के लिए ही वह विदेश से इंडिया आया हुआ है।
वारदात शनिवार दोपहर एक बजे हुई। बैंक में अफ्रीकी देश तंजानिया का कमल अब्दुल करीम बाइक पर सवार होकर आया। तब उसने हेलमेट पहन रखी थी। सुरक्षाकर्मी गुरमुख सिंह ने उसे हेलमेट उतारने को कहा। हेलमेट उतारने के बाद उसने अपना मुंह नकाब से ढक लिया। गुरमुख सिंह का आरोप है कि बाद में युवक ने उसकी बंदूक छीनने का प्रयास किया। यह देखकर खान अहमदपुर के पूर्व सरपंच जसपाल सिंह ने युवक को पीछे से काबू कर लिया। इसके बाद बैंक कर्मचारी भी वहां जमा हो गए।
युवक को पकड़ने के बाद पुलिस को बुलाया गया जिसके बाद उसकी मंशा साफ हो गई। युवक बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर बैंक में पहुंचा था। तलाशी के दौरान उसकी जैकेट से बाइक की नंबरप्लेट, पेंचकस व अन्य सामान बरामद किया है।
नहीं मिली सीसीटीवी की फुटेज
मुलाना थाना प्रभारी सुनील कुमार ने जब वारदात को समझने के लिए बैंक में सीसीटीवी की फुटेज देखनी चाही तो सुबह 10 बजकर 42 मिनट से दोपहर एक बजे तक की फुटेज नहीं मिली। हालांकि बैंक मैनेजर का कहना है कि सोमवार को टेक्निशियन आकर यह फुटेज निकाल कर दे देगा।
आगे की स्लाइड में पढिए पूरी खबर...