अम्बाला. नगर निगम की दरियादिली से राय मार्केट, निकलसन रोड, पंजाबी मोहल्ला में चोरी-छिपे दुकानों के निर्माण का काम चल रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो उन्हें मामले की भनक तक नहीं लगी है जबकि निर्माण कार्य करने वाले लोगों के मुताबिक नगर निगम अधिकारियों ने ही उन्हें निर्माण कार्य की इजाजत दे रखी है। इन्हीं दुकानों मार्च 2014 में कागजात, नक्शा संबंधी खामियां बताकर सील किया गया था। इसके लिए निगम अधिकारियों ने पुलिस बल का तक प्रयोग किया। तीन दिन की भागदौड़ में ईओ सहित एक दर्जन निगम अधिकारी तपती दोपहर में पुलिस बल के प्रयोग से इन दुकानों को सील कर पाए थे लेकिन अब इन दुकानों के शटर भी खुल गए हैं। कई का निर्माण भी पूरा हो चुका है। कुछ को फिनिशिंग टच दिया जा रहा है।
इन दुकानों को किया गया था सील
21 मार्च 2014 को नगर निगम द्वारा की गई सीलिंग कार्रवाई में दुकान नंबर 104, 153, पंजाबी मोहल्ला निकलसन रोड स्थित दुकान नंबर 5437/03, 5437/06, रेलवे रोड पर मौजूद दुकान नंबर 125, 167, 5346 तथा पंजाबी मोहल्ला स्थित रिहायशी भवन नंबर 4/5253 को सील किया गया। उस समय निगम अधिकारियों ने बताया था कि 23 भवन मालिकों को नोटिस दिया गया था।
मैंने तो निगम अधिकारियों से इजाजत ली है
पंजाबी मोहल्ला के 5437/03 दुकान के मालिक अनिल अग्रवाल ने कहा कि पानी लीकेज की समस्या की वजह से मैं रिपेयरिंग करा रहा था जो पूरा हो चुका है। मैंने निर्माण से पहले निगम अधिकारियों से मुलाकात कर बताया था कि मैंने पैसे व नक्शा जमा करा दिया है। निगम अधिकारियों ने पुन: नक्शा देने की बात कही थी और निर्माण कार्य की इजाजत दी थी। किंतु रिपेयर का काम अब खत्म हो चुका है। मेरा ही क्यों जिक्र किया जा रहा है। मेरे दुकान के साथ 8 दुकानें सील हुई थी, सभी जगह का काम पूरा हो चुका है। काफी लोग तो बिना पैसे जमा किए ही निर्माण काम किए जा रहे हैं। इनकी टोकाटाकी क्यों नहीं की जा रही है।
यहां चल रहा निर्माण
पंजाबी मोहल्ला निकलसन रोड स्थित दुकान नंबर 5437/03 राय मार्केट में सरदार मट्ठी वाले के सामने की दो दुकानों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। यहां फिनिशिंग टच दिया जा रहा है। निकलसन रोड स्थित बीडी स्कूल चौक के ऊपर ही दोनों साइडों में आेपन दुकान के निर्माण का काम भी पूरा हो चुका है। बीडी स्कूल रोड पर भारत बुक डिपो के सामने की दुकान में निर्माण का काम पूरा हो चुका है। राय मार्केट में पेट्रोल पंप के सामने की दुकान, बीडी स्कूल के सामने 1000 गज में स्थित दुकान का भी काम पूरा हो चुका है।
मैं मंगलवार को मामले की फाइल देखूंगा और जांच करूंगा। फिर कुछ बता पाऊंगा।
- अशोक, बिल्डिंग ऑॅफिसर, अम्बाला।