महम। नाबालिग लड़की की शादी किए जाने की सूचना उसके पिता ने पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने लड़की की मां सहित ससुराल पक्ष के लोगों को पकड़ लिया। दूल्हा युवक लड़की को ले जाने में कामयाब हो गया, लेकिन पुलिस ने उससे संपर्क कर कई घंटे बाद थाने में बुलवा लिया। देर शाम को पुलिस ने लड़का व लड़की पक्ष को लड़की के बालिग होने तक शादी न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
महम वार्ड 3 निवासी रमेश ने बताया कि उसकी पत्नी सीमा ने उसकी 7वीं कक्षा के नाबालिग बेटी की 25 हजार व एक सोने की अंगूठी लेकर जबरदस्ती सिरसा निवासी मुनीष के साथ गोद भराई की रस्म अदाकर दी और बेटी को ससुराल पक्ष से आए लोगों के साथ भेज दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के उपरांत महम पुलिस ने दबिश दी तो लड़के की मां प्रकाश व उसकी भाभी रामो सहित लड़की की मां को एक कार में जाते हुए पकड़ लिया
गया। पुलिस सभी को थाने ले आई। दूल्हा लड़की को लेकर दूसरी कार से फरार होने में कामयाब हो गया। देर शाम को लड़के व लड़की को फोन कर थाने में बुलाया गया। महिला सेल रोहतक से आई एएसआई हवाकौर व चौकी प्रभारी हरिओम ने बताया कि शादी की बजाए आज गोद भराई की रस्म की गई थी।
लड़की अभी नाबालिग है। लड़की के परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई, जिस पर दोनों पक्षों को लड़की के बालिग न होने तक शादी न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उनसे लिखवा लिया गया है कि जब तक युवती बालिग नहीं होती तब तक उसका विवाह नहीं करेंगे।