पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनारनौल. कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और हरियाणा की सहप्रभारी आशा कुमारी ने कहा है कि 100-100 करोड़ रुपए देकर राज्यसभा सदस्य बनने संबंधी बीरेंद्र सिंह के बयान पर पार्टी हाईकमान ने अभी तक उनसे कोई रिपोर्ट नहीं मांगी है।
मंगलवार को यहां कांग्रेस के जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने पहुंची आशा कुमारी ने भास्कर से विशेष बातचीत में कहा, 'बीरेंद्र सिंह ने जो कुछ कहा है, वो सबने सुना है। इस पर हाईकमान खुद फैसला लेने में सक्षम है। वैसे भी बीरेंद्र कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य हैं और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की सिफारिश प्रदेश कांग्रेस कमेटी नहीं कर सकती।
ये पूछने पर कि क्या ताजा विवाद के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बीरेंद्र सिंह की 20 अगस्त को जींद में प्रस्तावित रैली में आएंगी? आशा कुमारी ने कहा कि सोनिया के किसी भी कार्यक्रम की फाइनल सूचना तीन दिन पहले ही आती है। अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। रैली में प्रदेश के अन्य नेताओं के जाने-न जाने पर उन्होंने कहा कि जहां सोनिया आएंगी, वहां सब जाएंगे।
प्रदेश में संगठन की अच्छी स्थिति: उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की दृष्टि से हरियाणा में 31 जिले हैं। अब तक वह 5 का दौरा कर चुकी हैं। राज्य में संगठन अच्छी स्थिति में हैं। इसे मजबूत करना है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर हरियाणा कांग्रेस की साइट लॉन्च करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य संगठन की विभिन्न विंग व इकाइयों की सूचना इंटरनेट पर उपलब्ध कराना है।
सीडब्ल्यूसी बैठक के लिए दिनभर दिल्ली में
अपने बयान पर मचे सियासी बवाल के बाद मंगलवार को बीरेंद्र सिंह नई दिल्ली में रहे। बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक थी। चूंकि बीरेंद्र सिंह भी इसके सदस्य हैं इसलिए वह बैठक में शामिल हुए, लेकिन उसमें हरियाणा के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। बैठक में केवल तेलंगाना के मुद्दे पर विचार हुआ।
उन पर कार्रवाई करना मेरे बस में नहीं: मुलाना
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने इस मामले से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है। उन्होंने बुधवार को भास्कर से कहा, 'बीरेंद्र सिंह कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य हैं और उन पर कार्रवाई करना मेरे क्षेत्राधिकार से बाहर है। ऐसे मामलों में कोई भी पार्टी हाईकमान ही करता है।
मुलाना के सामने सांसद श्रुति के समर्थकों ने किया हंगामा
नारनौल त्न कार्यकर्ताओं को एकजुट रहकर संगठन मजबूत बनाने का उपदेश देने आए प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष फूलचंद मुलाना और राज्य की प्रभारी सचिव आशा कुमारी के सामने मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर लगाए गए बैनर में स्थानीय सांसद श्रुति चौधरी की फोटो न होने से उनके समर्थकों ने बवाल कर दिया। सम्मेलन का निमंत्रण न मिलने पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी जताई। करीब 15 मिनट तक चले तमाशे के दौरान मुलाना, स्वास्थ्य राव नरेंद्रसिंह व मुख्य संसदीय सचिव राव दानसिंह की बोलती बंद रही।
सम्मेलन में जैसे ही मुलाना ने माइक संभाला, नारनौल से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके चंद्रप्रकाश एडवोकेट ने मंच पर ही अपनी कुर्सी से खड़े होकर कार्यकर्ताओं की अवहेलना होने और सम्मेलन की जानकारी न मिलने की शिकायत की। उसी दौरान सांसद श्रुति चौधरी के समर्थक देवेंद्र हुडिना भी मंच पर चढ़ गए और बैनर में सांसद की फोटो न होने पर विरोध जताया। जब मुलाना ने कहा कि उन्हें पता है आपकी एमपी विदेश में है तो देवेंद्र उनसे उलझ पड़े।
कार्यक्रम में श्रुति चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र के समर्थकों में भी काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। इस दौरान मुलाना माइक से कहते रहे, 'ये क्या हो रहा है? इससे पार्टी मजबूत हो रही है क्या ? ऐसे पार्टी मजबूत नहीं होती, आप लोग आपस में न उलझे। तुम कार्यकर्ता हो या मींटिंग खराब करने वाले हो। लोकसभा चुनाव आ रहा है। क्या यह सब ऐसे ही चलेगा? तमाशे को चुपचाप देख रहीं हरियाणा की प्रभारी सचिव आशा कुमारी ने बाद में सबको डाट लगाई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.