पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Demonstration To Protest The Attack On Workers

आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में प्रदर्शन, जताया रोष

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला सिटी। सीएम के गृह नगर रोहतक में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में गुरुवार को हिंदू संगठनों ने कड़ा रोष प्रकट करते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डीसी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। डीसी की गैर मौजूदगी में एसडीएम प्रियंका सोनी ने ज्ञापन लिया।
विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी दोपहर बाद विश्वकर्मा मंदिर कोर्ट रोड पर एकत्रित हुए। वहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे। जहां डीसी द्वारा समय दिए जाने के बावजूद न मिलने की स्थिति में रोष स्वरूप कार्यालय के गेट पर बैठ गए और नारेबाजी के पश्चात कीर्तन शुरू कर दिया। करीब 25 मिनट बाद एसडीएम प्रियंका सोनी ने आकर ज्ञापन लिया तब कहीं जाकर हिंदू संगठनों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सीएम की भूमिका पर कई सवाल खड़े किए।
संघ के जिला संघ चालक अशोक कुमार के नेतृत्व में नगर संघ चालक राधा कृष्ण, सह संघ चालक डॉ. सतपाल बहल, विभाग कार्यवाह डॉ. सोमेश्वर, जिला कार्यवाह ज्ञान चंद, नगर कार्यवाह दिनेश शर्मा, विहिप के विभागाध्यक्ष राजेंद्र बंसल, एबीवीपी के प्रदेश पदाधिकारी डॉ. अवधेश पांडेय, भाविप उत्तर क्षेत्र के संरक्षक फकीर चंद अग्रवाल, हिंदू सभा के सुरेंद्र मोहन मित्तल ने कहा कि प्रदेश के सीएम के गृह नगर में यदि इस प्रकार की गुंडागर्दी है तो पूरे प्रदेश के हाल को आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने राज्यपाल से गुहार लगाई है कि वे शिकायत पर तुरंत केस दर्ज करके दोषियों को उनके अपराधों के अनुसार धाराएं लगाकर गिरफ्तार करने के निर्देश दें।
(फोटो- डीसी आॅफिस में अपनी मागों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य।)