अम्बाला। वार हीरोज स्टेडियम में गुरुवार को शुरू हुई जिला स्तरीय योग चैंपियनशिप जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग व खेल विभाग की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। चैंपियनशिप की न मीडिया को खबर देना जरूरी समझा गया और न ही किसी स्कूल को समय पर सूचना देनी विभाग ने जरूरी समझी। अलबत्ता जागरूकता की कमी के चलते ज्यादातर खिलाड़ियों के पास चैंपियनशिप की सूचना ही नहीं पहुंच सकी। लिहाजा दो दिन तक चलने वाली यह चैंपियनशिप एक दिन में ही सिमट गई।
परीक्षाओं के बीच में होने का खामियाजा भी जिलास्तरीय चैंपियनशिप में प्रतिभागियों को उठाना पड़ा। चैंपियनशिप में 15 से 19 आयु वर्ग में लड़कों की ओर से एक भी प्रतिभागी शामिल नहीं हो पाया। अमूमन 15 से अधिक आयु वर्ग में 10वीं कक्षा से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी ही आते हैं। हालांकि विभाग अभी भी चैंपियनशिप के इस तरह एक ही दिन में सिमट जाने का ठीकरा प्रतिभागियों के सिर ही फोड़ रहा है।
क्यों सिमटी एक दिन में
चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्ग की 7 टीमों ने हिस्सा लेना था। खेल विभाग के आदेशानुसार 18 से 19 सितंबर तक यह चैंपियनशिप चलाई जानी थी। 8 से 12, 12 से 15, 15 से 19 व 19 से 25 चार आयु वर्ग तो बना दिए गए। लेकिन दो दिनों तक चैंपियनशिप को कैसे चलाया जाता। इसके लिए विभाग के पास कोई योजना ही नहीं थी। यही कारण रहा कि विभाग ने ज्यादा सिरदर्दी न लेते हुए चैंपियनशिप को एक ही दिन में समेटना सही समझा।
ये बने विजेता
लड़कों के 8 से 12 आयु वर्ग में सिख कन्या हाई स्कूल का उमंग पहले, केवी-2 अम्बाला का पुष्कर दूसरे व फारुखा खालसा स्कूल का तुषार तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों के इसी वर्ग के मुकाबले में पुलिस डीएवी स्कूल की अनन्या व काजल पहले व दूसरे स्थान पर रही तो जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कोमल तीसरे स्थान पर काबिज हुई। लड़कों के 12 से 15 आयु वर्ग में एसडी स्कूल को अभय, जैन पब्लिक स्कूल का रोहित व डीएवी स्कूल का अभिषेक क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहा।
इसी वर्ग के लड़कियों के मुकाबले में एसडी कन्या विद्यालय की दीपका पहले, पुलिस डीएवी स्कूल की कुलविंद्र दूसरे व इसी स्कूल की वंशिका तीसरे स्थान पर रही। 15 से 19 आयु वर्ग के लड़कियों के मुकाबले में जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सोनिया विजेता बनी, सेवा समिति स्कूल की ज्योति उपविजेता रही तो राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल अम्बाला कैंट की कंचन को तीसरा स्थान मिला। लड़कों के 19 से 25 आयुवर्ग में विद्या ज्योति से निखिल, वैदिक सेंटर से संजू व अमित कुमार को क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान मिला। इसी वर्ग में लड़कियों के मुकाबले में जीएमएन कॉलेज की कौशल व पूनम क्रमश: पहले और तीसरे स्थान पर रही तो गवर्नमेंट कॉलेज की रेशमा को दूसरा स्थान हासिल हुआ।
विजेताओं को यह मिला ईनाम
प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 400, दूसरे स्थान वाले को 300 व तीसरा स्थान पाने वाले को को 200 रुपए के नकद ईनाम के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
^प्रतिभागियों की संख्या कम होने के कारण दो दिवसीय योग चैंपियनशिप एक ही दिन में संपन्न हो गई। बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। इस कारण भी शायद उम्मीद से कम प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया।
सचदेव सिंह राणा, जिला खेल विभाग अधिकारी