अम्बाला। शनिवार को मौसम का मिजाज बदला। जाड़े के सीजन की पहली बारिश शनिवार को हुई। सुबह 4:15 बजे हवा और हल्की बूंदाबादी के साथ मौसम ने करवट ली। रात 8:30 बजे कई स्थानों पर ओले भी गिरे जिससे ठंड बढ़ गई। दिन में 11 बजे तक हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद थोड़ी देर के लिए हल्की धूप भी निकली फिर सूरज देवता बादलों में गुम हो गए। शाम तक हल्की-हल्की हवाएं चलती रही।
शाम 5:00 बजे फिर बारिश शुरू हुई। 5:25 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। रिमझिम-रिमझिम बारिश देर रात तक होती रही। देर रात 12 बजे तक 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश और ओले गिरने से तापमान में भी 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
कई जगह बिजली रही गुल
बारिश के दौरान कैंट व सिटी में सुबह से बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। देर रात तक बाजारों में जनरेटर चलाकर लोगों ने बिजली की आपूर्ति की।
बारिश के बाद बढे़गी धुंध
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि अगले 48 घंटों तक बारिश रुक-रुक कर जारी रहेगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में सूरज भी दिखता रहेगा। बारिश के बाद धुंध भी बढ़ेगी।
कैसे बनता है वेस्टर्न डिस्टर्बन्स
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तरी इलाकों में सर्दियों के मौसम में आने वाले ऐसे तूफ़ान को कहते हैं जो वायुमंडल की ऊंची तहों में भूमध्य सागर, अंध महासागर और कुछ हद तक कैस्पियन सागर से नमी लाकर उसे अचानक वर्षा और बर्फ़ के रूप में उत्तर भारत, पाकिस्तान व नेपाल पर गिरा देता है। उत्तर भारत में रबी की फसल के लिए, विशेषकर गेहूं के लिए यह तूफ़ान आवश्यक होते हैं।
मौसम की मार, रुलाएगा प्याज
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स से बिना मौसम बरसात होने से प्याज और सब्जियों की पैदावार पर असर पड़ेगा। नासिक में पिछले दो दिनों में हुई बारिश और ओले से अंगूर, अनार, पपीता, चीकू की फसल पर असर पड़ा है। ऐसा माना जा रहा है कि इसकी वजह से प्याज के दाम बढ़ सकते हैं।
बच्चे और बुजुर्गों के लिए नुकसानदेह
सिविल हॉस्पिटल के फिजिशियन डॉ. हम्बीर मजूमदार ने बताया कि बारिश और ठंड से बैक्टीरियल व वायरल इंफेक्शन बढ़ेगा। हॉर्ट अटैक के केस बढ़ेंगे। ठंड से अस्थमा के मरीजों को दिक्कत होगी। बच्चे और बुजुर्गों को ठंड से निमोनिया की शिकायत हो सकती है। पानी जमाव से मच्छर पैदा होंगे, इससे मलेरिया का प्रकोप भी बढ़ेगा। बच्चे और बुजुर्ग गर्म कपड़े पहनें, ठंड से बचाव करें।