साढौरा (यमुनानगर)। इलाहाबाद बैंक में गुरुवार को एक अजीबोगरीब घटना में आठ साल की लड़की पर एक जमाकर्ता के छह लाख रुपए ले भागने का आरोप लगा है। बच्ची को बैंक के सुरक्षाकर्मी ने भागने के क्रम में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ी गई बच्ची मध्यप्रदेश के राजगढ़ की निवासी होने की बात कह रही है। देर शाम तक उसे पुलिस थाने में ही रखा गया था।
एएसआई रामकुमार के अनुसार, ककड़ौनी गांव में पॉल्ट्री व्यवसायी नीतेश कुमार (बिलासपुर निवासी) 6 लाख रु. जमा कराने बैंक पहुंचा था। नीतेश पैसे जमा कराने को वाउचर भरने लगा। तभी बच्ची उसके पास कुर्सी पर रखी रुपए की थैली लेकर भाग गई। नीतेश के शोर मचाने पर गार्ड तिलक राज ने पीछाकर उसे पकड़ लिया।
फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में उसने राजगढ़ के होने की बात कही। साथ ही कहा कि वह दादी के साथ कपड़े बेचने यहां आई है। हालांकि, पुलिस उसके दावे की सत्यता की पुष्टि नहीं कर पाई है। पुलिस यह पता करना चाहती है कि इस वारदात के पीछे कहीं कोई संगठित आपराधिक गिरोह तो नहीं काम कर रहा। बाल संरक्षण अधिकारी के माध्यम से बच्ची से पूछताछ हो रही है। वैसे नीतेश ने पुलिस शिकायत वापस लेने की बात कही है।
(चोरी के दौरान पकड़ी गई बच्ची।)