चंडीगढ़ | हरियाणा में पेट्रोल 2.50 रुपए लीटर तक महंगा हो गया है। वजह सरकार ने पेट्रोल पर वैट 20 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया है। नए रेट गुरुवार आधी रात से लागू भी हो गए। दैनिक भास्कर ने 12 फरवरी को ही खबर प्रकाशित की थी कि प्रदेश में पेट्रोल के दाम बढ़ेंगे। प्रदेश सरकार को करीब 200 करोड़ रुपए सालाना अतिरिक्त मिलेंगे। प्रदेश में पेट्रोल की औसत दर अब लगभग 59.36 रुपए लीटर होगी।
1 जुलाई, 2014 को औसत कीमत 74.12 रुपए लीटर थी। हालांकि पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार पेट्रोल का नया रेट करीब 60 रु. प्रति लीटर होगा। ट्रांसपोर्टेशन चार्ज के कारण इसमें 10-15 पैसे प्रति लीटर का अंतर हो सकता है। वहीं सरकार का दावा है कि प्रदेश में पेट्रोल अभी भी पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से सस्ता ही रहेगा।
आबकारी एवं कराधान विभाग ने 4 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने पड़ोसी राज्यों में वैट और पेट्रोल के दाम पर गौर करने के बाद 5 फीसदी वैट बढ़ाने का फैसला किया। उन्होंने अपने मंत्रियों से इस मुद्दे पर चर्चा भी की। -शेष पेज | 11 पर
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश पेट्रोल पर सरचार्ज समेत कुल वैट 26.25 प्रतिशत हो गया है। पंजाब में 30.80, यूपी में 26.80, राजस्थान में 30 और हिमाचल प्रदेश में वैट 27 प्रतिशत है।
सूत्रों ने बताया कि पेट्रोल पर वैट बढ़ाने का प्रस्ताव पहले से ही तैयार था लेकिन दिल्ली में चुनाव के कारण इसे रोक दिया गया था। हरियाणा रेट बढ़ने का फायदा दिल्ली-चंडीगढ़ के पेट्रोलियम डीलर्स को मिलेगा। चंडीगढ़ में पेट्रोल 57.24 रुपए जबकि दिल्ली में 56.49 रुपए प्रति लीटर है।
वैट बढ़ोतरी का विरोध भी शुरू हो गया।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हो रही कमी का फायदा लोगों तक पहुंचाने के बजाय भाजपा सरकार खुद ले रही हैं। केंद्र और राज्य की दोनों ही सरकारें जनविरोधी फैसले कर रही हैं। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा है कि इससे आम आदमी पर तो बोझ बढ़ेगा ही डीलर्स के साथ सरकार को भी नुकसान होगा। हरियाणा प्रदेश व्यापार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष व भाजपा नेता बजरंगदास गर्ग ने मांग की है-फैसला वापस ले सरकार।
हरियाणा में नई दरें
शहर अब पहले
पानीपत 59.78 57.28
हिसार 60.50 58.00
अम्बाला 59.35 56.85
रोहतक 60.33 57.83