पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्टेशन पर स्टाल में आग, मची अफरा-तफरी, यात्रियों के बैग भी जल गए

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला. कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 2 व 4 के बीच गुरुवार शाम पौने सात बजे स्टाल नंबर-4 में आग लग गई। आग को बेकाबू होता देख स्टाल पर मौजूद संचालक भाग खड़ा हुआ। यात्रियों के जानमाल को बचाने के लिए घटनास्थल के ठीक सामने मौजूद आरपीएफ चौकी में मौजूद जवानों ने मोर्चा संभालने में देर नहीं की। स्टाल में गैस सिलेंडर होने के कारण हादसे की भयावहता और बढ़ गई थी।
इस दौरान रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर आ रही शताब्दी एक्सप्रेस व शान-ए-पंजाब को स्टेशन से बाहर ही रुकवाए रखा। आरपीएफ ने फायर ब्रिगेड के आने तक लगभग 10 अग्निरोधक सिलेंडरों से आग पर काबू पाए रखा। इस हादसे के दौरान सीनियर डीसीएम गुलशन कुमार व एईई विनोद कुमार व आरपीएफ कमांडेंट महेंद्र कुमार अधिकारी भी स्थिति पर नजर रख रहे थे। यह हादसा स्टाल नंबर 4 पर हुआ था। इस स्टाल का संचालन शिवम पांडे कर रहा था। स्टाल के मैनेजर गुड्डू ने बताया कि वह पांच मिनट पहले ही स्टाल से गया था। कई घंटे से बिजली नहीं थी, जब बिजली आई तो फ्रिज के कम्प्रेशर में उठी चिंगारी से स्टाल में आग लगी।
17 जवान बुझाने में जुटे
आरपीएफ कमांडेंट महेंद्र कुमार ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ चौकी में इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह सहित जवान मौजूद थे। आरपीएफ ने चौकी में मौजूद लगभग 10 अग्निरोधी सिलेंडरों से आग को बुझाया। आरपीएफ के १७ जवान आग बुझाने में जुट गए थे। इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि स्टाल में अग्निरोधी यंत्र भी नहीं पाए गए।