पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

विदेशी किसान बताएंगे मुनाफे का मंत्र, जुटेंगे 50 हजार किसान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। गुड़गांव में करीब 50 हजार किसान और कृषि विशेषज्ञ खेती में मुनाफा कमाने के नुस्खे एक-दूसरे से शेयर करेंगे। सेक्टर 29 स्थित लेजर वैली में शुक्रवार से रविवार तक तीन दिन चलने वाली इस एग्री लीडरशिप समिट में हॉलैंड और इजरायल के किसान भी अपना अनुभव और खेती करने की आधुनिक तकनीक साझा करेंगे। इसमें हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसान और कृषि विशेषज्ञ भी शामिल हो रहे हैं।

कृषि विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि समिट के पहले दिन कृषि एवं बागवानी पर सेमिनार होगी। इस दौरान एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। दूसरे दिन कृषि से जुड़े हित धारकों की मीटिंग होगी। इसमें पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट, मार्केटिंग, प्रोसेसिंग, माइक्रो फाइनेंसिंग और सस्टेनेबल एग्रीकल्चर से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। तीसरे दिन पशुपालन, डेयरी और मछली पालन की तकनीकों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि पूरे देशभर में खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक समेत इनपुट कॉस्ट बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं से किसान जूझ रहा है। जब फसल बाजार में आती है तो उसे वाजिब दाम नहीं मिलता। हालांकि सरकारों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य और बाजार हस्तक्षेप जैसी स्कीमें लागू कर रखी हैं, लेकिन किसानों को इनका विशेष फायदा नहीं मिलता है।
ऊपर से बढ़ते शहरीकरण का खामियाजा भी किसानों को ही भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि उनकी खेती योग्य जमीनें ही अवाप्त हो रही हैं। हरियाणा में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने को लेकर किसान पहले ही आंदोलनरत हैं।
मार्केटिंग सबसे बड़ी समस्या

किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या मार्केटिंग और बाजार की है। हालांकि इसके लिए पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट स्कीम बनी हुई है, लेकिन इस पर देशभर में ज्यादा काम नहीं हुआ है। एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड अपने उद्देश्य से भटक गए हैं। दरअसल इनका काम किसानों को उसके उत्पादन की ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की ट्रेनिंग देने के साथ ही उन्हें उचित बाजार उपलब्ध करवाना है।
लेकिन किसानों को मंडियों में सीधे व्यापारियों के हवाले कर दिया गया है। कृषि विशेषज्ञ शीतल प्रसाद शर्मा के अनुसार किसानों को अगर ऑफ सीजन सब्जियां उगाने के साथ-साथ उनका मार्केट लिंकेज कराया जाए तो उन्हें काफी फायदा हो सकता है।