पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Imposed On The Half Hour Jam To Supply Power To

बिजली सप्लाई न होने पर ढाई घंटे तक जाम लगाया

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहजादपुर. सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की हड़ताल समाप्त हो जाने के बाद भी शहजादपुर में बिजली व्यवस्था शुक्रवार को भी सुचारू नहीं हो पाई। एक बार फिर बिजली निगम व प्रशासन को लगातार तीसरे दिन भी ग्रामीणों के विरोध का समाना करना पड़ा।
शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे ही क्षेत्र की सड़कों पर जाम लगने का दौर शुरू हो गया सुबह कक्ड़माजरा गांव व साथ लगते अन्य गांवों के ग्रामीणों ने बिजली पानी न मिलने से परेशान होकर ढाई घंटे तक राजमार्ग -73 पर जाम लगाकर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं करीब 11 बजे ग्रामीणों ने शहजादपुर बिजली कार्यालय के सामने राजमार्ग नंबर 72-73 को आधे घंटे तक बंद रखा।
कक्ड़माजरा व साथ लगते बिचपड़ी, भेडों के सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव के पास ही राजमार्ग-73 पर जाम लगाकर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर तुरंत बिजली सप्लाई शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि निगम के अधिकारी व कर्मचारी जानबूझ कर ग्रामीणों को परेशान करने में लगे हैं। आरोप है कि जहां ग्रामीण इकट्ठा होकर जाम लगाते हैं, वहां बिजली सप्लाई शुरू कर दी जाती है।
अधिकारी ग्रामीणों की समस्या पर ठीक ध्यान नहीं दे रहे हैं। पिछले चार दिनों से बिजली पानी न मिलने से ग्रामीणों का बुरा हाल है। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पंहुचे शहजादपुर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह, बीडीपीओ प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अनिल कौशल व एसडीओ शहजादपुर पंकज देसवाल ने ग्रामीणों को जल्द ही लाइन में पड़े फॉल्ट को ठीक कराने व सप्लाई शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग 11 बजे ग्रामीण जाम खोलने को राजी हुए।
ककड़माजरा में लगे जाम को खुलवाने के बाद प्रशासन अभी चैन की सांस भी नहीं ले पाया था कि गांव सौंतली, खुर्द व धनाना के ग्रामीणों ने शहजादपुर में स्थित बिजली कार्यालय के सामने राजमार्ग-72-73 को अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। यहां करीब आधे घंटे बाद जाम खोल दिया गया।