कैथल। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला सोमवार को भाजपा और कांग्रेस पर हमलावर दिखे। कहा-जींद रैली कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी। उन्होंने भाजपा को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा। बोले-हरियाणा में कांग्रेस के करीब 20 ऐसे नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया है, जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। ऐसे में समझा जा सकता है कि भाजपा की कथनी और करनी में दिन रात का अंतर है। वे सोमवार को कैथल के कोयल कांप्लेक्स आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
चौटाला ने कहा कि कैथल में ही पीएम मोदी भ्रष्टाचार पर बहुत लंबा चौड़ा भाषण देकर गए थे। उन्होंने ने कहा कि इनेलो 25 सितंबर को जींद में जननायक चौधरी देवीलाल के जयंती समारोह को शताब्दी सम्मान समारोह के तौर पर मनाएगी। इस रैली में ही कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता कै. अजय यादव ने तो यह स्वीकार भी कर लिया कि पार्टी को इस चुनाव में महज 35 सीटें ही मिल पाएंगी। उन्होंने व्यंग्य कसा कि धीरे-धीरे मुख्यमंत्री भी अपनी हार को स्वीकार कर लेंगे।
इनेलो की जीत ही तिहाड़ जेल की चाबी है
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि इनेलो प्रत्याशियों की जीत ही तिहाड़ जेल की चाबी है। वे सोमवार शाम को महेंद्रगढ़ की यादव धर्मशाला में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। दिग्विजय ने कहा कि उनके परिवार ने सदा त्याग की राजनीति की है। चौधरी देवीलाल ने प्रधानमंत्री की कुर्सी को ठोकर मारकर वीपी सिंह को इस पर बैठाया था। इनेलो के छात्र संगठन प्रमुख ने दावा किया कि चौटाला परिवार में सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा है और देवीलाल की 100वीं जयंती पर 25 सितंबर को जींद में होने वाली रैली सारे समीकरण बदलकर रख देगी।
इस मौके पर पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवतार सिंह भड़ाना और महेंद्रगढ़ से पार्टी प्रत्याशी राव बहादुर सिंह भी मौजूद थे। सोमवार को ही बवानीखेड़ा में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में दिग्विजय ने कहा कि भाजपा भगौड़ों की पार्टी बनकर रह गई है। उसने पहले लोकसभा चुनाव उधार के उम्मीदवारों के सहारे लड़ा और अब विधानसभा चुनाव से पहले दूसरे दलों से नेता ले रही है।
इधर, चुनाव आयोग में शिकायत
सीएम के एडवाइजर (होम) को हटाया जाए : इनेलो
इनेलो ने चुनाव आयोग को अलग-अलग शिकायतें भेजकर सीएम के एडवाइजर (होम) पीवी राठी को बदलने की मांग की है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) रोशनलाल, सीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी एसएस ढिल्लों, खाद्य कमीशन के चेयरमैन आरएस दून के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव आरएस चौधरी ने आरोप लगाया है कि राठी पद पर रहकर पुलिस तंत्र को प्रभावित करेंगे, वहीं ढिल्लों, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के निदेशक लोकसंपर्क विनीत पूनिया और एक अन्य आईएएस कांग्रेस का काम कर रहे हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) रोशनलाल रक्सिल दवा खरीद समेत कई मामलों में विवादास्पद रहे हैं। वहीं खाद्य कमीशन के चेयरमैन दून का तो ऑफिस ही सचिवालय में चल रहा है। उधर, ढिल्लों ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोड ऑफ कंडक्ट का पालन हो रहा है। पूनिया ने आरोपों को शरारतपूर्ण बताया। कहा-उन्हें बेवजह विवाद में घसीटा जा रहा है। राठी व रोशनलाल ने रिस्पांस ही नहीं दिया।