पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पुलिस और पब्लिक में चले लात-घूसे, नाराज लोगों ने थाने में डाला डेरा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला. अम्बाला-जगाधरी रोड पर महेश नगर एरिया में ब्रह्मकुमारी चौक पर पुलिस अौर पब्लिक में टकराव हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से खूब लात-घूसे चले। शनिवार देर रात लगभग 10 बजे हुए हंगामे में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महिला ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
महेशनगर खटीक मंडी की रहने वाली शकुंतला देवी ने बताया कि वह रात को जब अपने घर में सोने की तैयारी कर रही थी तो अचानक बस्ती में होमगार्ड और पुलिस के जवान आ धमके आैर वर्दी का रौब दिखाने लगे। जबरन घर में घुस आए और सामान को गली में फेंकना शुरू कर दिया। उन्हें रोका गया तो वह मारपीट करने लगे अौर जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे। महिला की मानें तो उसे बेइज्जत करने का प्रयास भी किया गया।

शकुंतला देवी ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्होंने खटीक बिरादरी पर जातिसूचक शब्द बोले तो मामला भड़क गया। लोगों के सब्र का बांध टूट गया और वह पुलिस के साथ भिड़ गए।
ये भी उड़ी अफवाह : महेश नगर में पूरे घटनाक्रम को देखने का दावा करने वाले एक युवक ने बताया कि महेशनगर लोकल बस स्टैंड के पास मीट की रेहड़ी लगाने वाले युवक की नशे में धुत कुछ कार चालकों से कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस और होमगार्ड के जवान जब मंडी में युवक की पहचान करने पहुंचे तो वहां लोगों से उनकी झड़प हो गई।

इसके बाद कार वाले तो भाग गए। लोग व पुलिस आपस में उलझ गए। युवक ने बताया कि मारपीट के दौरान अम्बाला-जगाधरी रोड पर काफी देर तक जाम लग गया। आसपास के दुकानदारों ने भी अपना सामान समेटने में ही भलाई समझी।
थाने में जताई नाराजगी
कुछ लोगों को पकड़कर थाने लाने से नाराज लोगों ने महेशनगर थाने में डेरा डालकर अपने लिए इंसाफ की मांग की। लोगों के विरोध की खबर लगी तो महेशनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजनीश यादव अकर कैंट सदर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव मिगलानी भी मौके पर आ गए। बिरादरी के नेता प्रदीप डानी और शेखर ने मध्यस्थता की और लोगों को समझाकर वापस घर भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली। पुलिस घायलों के बयान लेने के लिए कैंट सिविल अस्पताल गई लेकिन वहां उन्हें कोई नहीं मिला।
महेश नगर में ब्रह्मकुमारी चौक पर भिड़ती शकुंतला देवी, अन्य लोग व पुलिस कर्मी।