अंबाला। दुष्कर्म की वजह से गर्भवती हुई नाबालिग लड़की ने कोर्ट से जहां गर्भपात की इजाजत मांगी है, वहीं दुष्कर्म के अारोपी युवक ने गर्भपात न करने देने की गुहार लगाई है और कहा है कि वह बच्चे को अपनाना चाहता है। कोर्ट ने लड़की की मेडिकल रिपोर्ट मांगी है। दोनों याचिकाएं फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज बिमलेश तंवर के पास दाखिल की गई हैं।
कोर्ट में बुधवार को पीड़िता का बयान दर्ज होगा। पीड़िता के वकील नरेंद्र शर्मा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और स्कूल सर्टिफिकेट में भी वह नाबालिग है। उसकी उम्र 16 साल 7 माह है। पीड़िता का कहना है कि उसकी शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह बच्चे को जन्म दे सके। वह साढ़े तीन माह की गर्भवती है। वह दुष्कर्मी को सबक सिखाना चाहती है। अगर बच्चा जन्म लेता है, तो वह उसे पिता का नाम कैसे दे सकती है।
यह है मामला
करनाल के मथाना गांव का सुरजीत (21) अंबाला के साहा के एक गांव की लड़की (16) को बहला-फुसलाकर 4 अप्रैल, 2014 को भगा ले गया था। पुलिस ने 6 अप्रैल को केस दर्ज किया। सुरजीत ने मोहाली के एक गुरुद्वारे में फर्जी दस्तावेज के आधार पर लड़की की उम्र 18 साल दिखाकर शादी कर ली। बाद में लड़की ने आरोप लगाया था कि सुरजीत ने 25 अप्रैल को उसके साथ मथाना गांव में दुष्कर्म किया।