पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

संगठन में चुनाव नहीं चाहते ज्यादातर कांग्रेसी, राहुल को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सुझाव पर कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश में जुटे पार्टी नेता राहुल के ही पुराने के फॉर्मूले को बदलना चाहते हैं। उनकी राय है कि यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों का चयन वोटिंग से करने की बजाय योग्यता के आधार पर चयन हो। राहुल के सुझाव पर ही यूथ कांग्रेस में वोटिंग का सिस्टम शुरू हुआ था। पार्टी नेताओं ने प्रदेश और जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचा तुरंत प्रभाव से खड़ा करने का भी सुझाव दिया। एक-दूसरे के खिलाफ हो रही बयानबाजी और गुटबाजी को रोकने के लिए बिना देर किए अनुशासन समिति बनाई जानी चाहिए।

दो चरणों में हुई 6 दिन की मैराथन बैठक में इनके अलावा और भी काफी सुझाव आए हैं। पार्टी के संविधान और संगठनात्मक बदलाव से जुड़े तमाम सुझावों पर तैयार किया गया पार्टी के भविष्य का यह रोडमैप जल्दी ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को सौंपा जाएगा। 7 फरवरी से 3 दिन तक अलग-अलग ग्रुप में हुए डिस्कशन में प्रदेश सह प्रभारी आशा कुमारी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने यह फीडबैक लिया।
इन नेताओं ने पिछले महीने भी इसी तरह 3 दिन तक फीडबैक लिया था। इस दौरान पार्टी के 15 में से 10 विधायकों ने अपने सुझाव दिए। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला पहले ही राहुल गांधी को अपने सुझाव दे चुके थे। जबकि विधायक कुलदीप शर्मा, गीता भुक्कल और रघुवीर कादयान ने इस मीटिंग से खुद को अलग रखा।

प्रदेश सह प्रभारी आशा कुमारी ने बताया कि इन तमाम सुझावों को पार्टी के अप्रैल-मई में संभावित प्ले नरी सेशन में रखा जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष तंवर ने बताया कि मंथन मीटिंग में हर व्यक्ति की बात रिकॉर्ड की गई है। राहुल गांधी को लिखित और रिकॉर्डेड बातचीत दोनों ही भेजी जाएगी।
मैं सोनिया गांधी का बच्चा हूं : तंवर
पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह द्वारा प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को बच्चा बताए जाने के जवाब में तंवर ने कहा कि वे पिछले 22 साल से राजनीति में हैं और 15 साल से ऑल इंडिया कांग्रेस की राजनीति कर रहे हैं। अगर अभी भी उन्हें बच्चा बताया जा रहा है, तो वे यही कह सकते हैं कि मैं सिर्फ यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी का ही बच्चा हूं।
गुटबाजी नहीं, ऑल इज वैल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा खुद को ही कांग्रेस बताए जाने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष तंवर ने कहा कि मैं किसी गुट में नहीं हूं और न ही मेरा गुटबाजी में यकीन है। हुड्डा अगर कांग्रेसी हैं, तो मैं भी कांग्रेसी हूं। यहां बैठे सभी लोग कांग्रेसी हैं। पार्टी स्तर पर हम कह सकते हैं कि ऑल इज वैरी वैल।