कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी अब कच्चे कर्मचारियों पर दिए बयान को लेकर कर्मचारियों के निशाने पर आ गए हैं। सांसद ने शनिवार को आंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम के कहा-‘अगर सभी सरकारी कर्मचारियों को कच्चा कर दिया जाए तो देश बहुत तरक्की करेगा। कच्चे कर्मचारी ही काम करते हैं जबकि सरकारी कर्मचारी कम काम करते हैं।’ सांसद ने तो खाली पदों को कच्चे कर्मचारियों से ही भरने के लिए पीएम और सीएम को फैक्स भेजकर सिफारिश करने की बात कह दी थी।
सोमवार को इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया आई। हरियाणा कर्मचारी महासंघ ने तो चेतावनी दे दी कि यदि सांसद ने बयान वापस न लिया तो 14 दिसंबर को रोष प्रदर्शन होगा। वहीं स्टूडेंट फेडरेशन अॉफ इंडिया की यूनिवर्सिटी इकाई के सचिव रोबिन चौधरी ने कहा कि सांसद बयान भी वापस लें और माफी भी मांगें। इसी बीच सोमवार को सांसद दिल्ली में संसद सत्र में व्यस्त रहे।
पहले कहा था-पंजाब जाएं कर्मचारी
इससे पहले सांसद ने यह कह दिया था कि पंजाब की तर्ज पर वेतन मांगने वाले कर्मचारियों को पंजाब जाना चाहिए। उस वक्त भी कर्मचारी संगठनों ने सांसद को आड़े हाथों लिया था।