यमुनानगर/बिलासपुर। प्रदेश में पढ़ने वाले बाहरी स्टूडेंट्स भिड़ने की एक और घटना सामने आई। इस बार बिलासपुर के गणपति कॉलेज में यूपी व बिहार के छात्रों में खूनी संघर्ष हुआ। बिहार के दो छात्रों को कॉलेज गेट के सामने चाकू घोंप दिया गया।
घायल कुणाल व विकास ने बताया कि वे बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र हैं। परीक्षा के बाद बाइक से कमरे पर जाने के लिए कॉलेज गेट पर पहुंचे। वहां पहले से खड़े यूपी के योगेश, सुनीत, अमित कुमार, हिमांशु, शुभम, विकास राणा और सैफी ने उन पर डंडों से हमला कर दिया और बाद में चाकू घोंपकर फरार हो गए। विकास की बाजू और कुणाल के सिर व कमर में
चाकू लगा है।
"पैसे मांगते हैं, नहीं देने पर करते हैं मारपीट'
कुणाल और विकास ने बताया कि पहले वे हॉस्टल में रहते थे। यहां यूपी के छात्र उनसे पैसे मांगते थे और नहीं देने पर मारपीट करते थे। तंग आकर उन्होंने हॉस्टल छोड़ दिया। उनके जो साथी हॉस्टल में रहते हैं, उनके साथ रोज मारपीट होती है। अब तीन दिन से यूपी के छात्र फिर उन्हें परेशान कर रहे थे, इसकी शिकायत मैनेजमेंट से की, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पढ़ाई छोड़कर घर चले जाएंगे।