पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

इधर डीसी आगे बढ़े और उधर गिराया जंपर, नतीजा अंधेरा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला सिटी. डीसी और बिजली वितरण निगम के हड़ताली कर्मचारियों में बुधवार को गुरिल्ला युद्ध चला। सेनापति के रूप में डीसी ने बिजली को लेकर कमान संभाली थी। वह जैसे ही 66 केवी और 11 केवी फीडर का मुआयना कर आगे निकलते, पीछे से हड़ताली कर्मचारी मेन लाइन के जंपर गिराते रहे या फिर ट्रांसफार्मर की तारें काटते रहे। डीसी को इस बात की संतुष्टि थी कि सबकुछ ठीक है, लेकिन उनके निकलते ही ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहर के कई इलाकों में अंधेरा छा जाता। कुछ इलाकों में जब गुल हुई बिजली आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। फीडर में तोडफ़ोड़ करने पर पंजोखरा पुलिस ने जेई तथा एएलएम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीसी बुधवार रात को चौड़मस्तपुर 66 केवी का दौरा करने के लिए पहुंचे। वहां सब कुछ उन्हें दुरुस्त नजर आया। जिन फीडर से बिजली सप्लाई नहीं हो रही थी। उसका कारण बरसात बताया गया। जैसे ही वह चौड़मस्तपुर और जनसुई हेड फीडर का दौरा कर लौटे तो रात 11 बजे बलाना, धुरकड़ा तथा सुल्लर गांव की बिजली गुल हो गई। बलाना में बिजली कर्मियों ने मेन लाइन का जंपर गिरा दिया। साथ ही ट्रांसफार्मर की तारें काट दी। सुल्लर गांव में भी ऐसा ही हुआ। जब डीसी सेक्टर सात स्थित 11 केवी फीडर निरीक्षण के बाद निकले, उसी समय कुछ कर्मचारियों ने सेक्टर सात की सप्लाई तारें काट दी। दोपहर तक वहां बिजली नहीं थी। मानव चौक पर भी कुछ बिजली कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर की तारें काटी तो लोगों ने देख लिया। बिजली कर्मी वहां से खिसक लिए। गुरुवार को बलाना गांव में लोगों ने खुद जंपर उठाकर बिजली सप्लाई शुरू की।
इतनी शिकायतें दर्ज
बिजली वितरण निगम ने हड़ताल को लेकर जो विशेष शिकायत केंद्र स्थापित किए थे। उनमें तीन दिन में 141 शिकायतें पहुंची हैं। बलाना में ट्रांसफार्मर के स्विच को उठाता ग्रामीण।
तिथि शिकायतें
21 जनवरी 40
22 जनवरी 48
23 जनवरी 53
आधी आबादी को बिजली-पानी नहीं
बुधवार रात से गई बिजली के कारण जहां जिले की आधी आबादी परेशान रही, वहीं शहर की 40 से ज्यादा कॉलोनियों में भी बिजली न होने से पानी की सप्लाई बाधित रही। वहीं 300 गांवों में भी यही हालात रहे। जिले में 295 फीडर हैं। हड़ताल के कारण 124 फीडर बंद हो गए। यही वजह रही कि लोगों को बिजली नहीं मिली। इस वजह से पानी प्रदाय भी नहीं हुआ।
वकील कल डालेंगे दावा
हड़ताल के दौरान बिजली और पानी की सुविधा न मिलने के विरोध में सेक्टर-8, 9 व 10 के रहने वाले वकील पब्लिक यूटिलिटी कोर्ट में शनिवार को दावा डालेंगे। यह दावा प्रदेश सरकार, बिजली निगम तथा अन्य विभागों के खिलाफ डाला जाएगा। एडवोकेट देव बतरा ने बताया कि जब सभी प्रकार के टैक्स देते हैं तो सरकार ने तीन दिन तक उन्हें बिजली पानी की सुविधा उपलब्ध क्यों नहं कराई। जबकि कर्मचारियों ने पहले ही सरकार को नोटिस दे दिया था। लोगों को 20 रुपए वाली पानी की बोतल 30-40 रुपए में खरीदनी पड़ी।
जेई व एएलएम पर केस
रायवाली फीडर में तोडफ़ोड़ करने के मामले में पंजोखरा पुलिस ने जेई तथा एएलएम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बरवाला के एसडीओ एसके गोयल ने बुधवार रात पुलिस में शिकायत दी थी। गोयल ने शिकायत में कहा था कि जेई परमनीत सिंह तथा एएलएम बलबीर सिंह ने फीडर चलाने में बाधा पहुंचाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

॥जिन फीडर में फाल्ट आया था, उन्हें डीसी रेट पर रखे कर्मचारियों से ठीक कराया जा रहा है। हड़ताल खत्म होने के कारण शुक्रवार को सभी फीडर को चालू करा दिया जाएगा। एसके शर्मा, एसई, उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम, अम्बाला।