फोटो- हरियाणा के करना समेत कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
करनाल. मौसम का मिजाज लगातार दूसरे दिन बदला रहा। प्रदेश के कई जिलों में रविवार को हल्की बारिश हुई। कहीं-कहीं आेले भी गिरे। तकरीबन 70 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा ने लोगों को कंपकंपा दिया। ठंड के अचानक तेवर दिखाने से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ रहा है। छुट्टी का दिन था तो ज्यादातर लोग घरों में दुबके रहे। कई शहरों-कस्बों में बिजली सप्लाई और पेयजल की आपूर्ति बाधित रही। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसा मौसम रबी फसलों के लिए फायदेमंद है। किसानों के लिए राहत की बात है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे में प्रदेश में न्यूनतम तापमान मेें कमी दर्ज की जा सकती है। यह 3 से पांच डिग्री तक फिर से कम हो सकता है। बरसात की वजह से रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि पहले यह 3.8 डिग्री तक आ गया था। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। नमी सुबह 98 व दोपहर बाद 89 फीसदी रही।
पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस-डब्ल्यू डी) का असर समूचे उत्तर भारत में दिख रहा है। पहाड़ों पर
बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। दिल्ली, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, पंजाब व चंडीगढ़ में तेज बािरश ने ठिठुरन और बढ़ी दी है। हरियाणा में सुबह से दिनभर रुक रुक बूंदाबांदी होती रही। रात में भी बरसात रुकी नहीं। करनाल रतिया, टोहाना, जाखल, रेवाड़ी के कुंड क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। पंचकूला में सर्वाधिक 50 एमएम बरसात दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश,
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है।
बारिश खत्म होते ही धुंध देगी दस्तक, गहराएगी ठंड
पश्चिम विक्षोभ का असर सोमवार को कम हो जाएगा। बरसात की संभावना है, लेकिन उतनी नहीं, जितनी पिछले दो दिनों में रही है। मंगलवार से धुंध दस्तक दे सकती है। इससे सर्दी और गहरा सकती है। लोगों को कड़ाके की ठंड सहन करने को तैयार रहना चाहिए। 18 व 19 दिसंबर को फिर से आसमान में बादल छा सकते हैं। हालांकि मौसम विभाग ने बरसात की संभावना नहीं जताई है। 16 दिसंबर को सूर्य भगवान के दर्शन हो सकते हैं। लोगों को धूप सेंकने को मिल सकती है।
आगे की स्लाइड्स में देखें, हरियाणा में अचनाक बदले मौसम की तस्वीरें..