पिहोवा। गांव अरनैचा में शराब के ठेकेदारों के बीच हुए झगड़े में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक ठेकेदार बुरी तरह जख्मी हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें पटियाला रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर एक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी की। लेकिन हमलावर भाग निकले। बाद में पुलिस ने घायल के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अरनैचा के गुरमेल सिंह ने बताया कि रात को लगभग साढ़े नौ बजे वह अपने चचेरे भाई ज्ञानचंद के साथ बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। गांव अरनैचा के पास नहर के पुल पर मोटरसाइकिलों पर पहुंचे कुछ लोगों ने उसे घेर कर हमला बोल दिया। उन लोगों ने उस पर व उसके चचेरे भाई ज्ञानचंद पर गोलियां दागी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए।
आरोप लगाया कि यह हमला शराब ठेके को लेकर चल रहे विवाद के चलते किया गया। पता चलते ही उनके साथी व परिजन वहां पहुंचे। दोनों को तुरंत पटियाला स्थित अस्पताल भेजा गया। जहां ज्ञानचंद की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सोनीपत में गला दबाकर मुंशी को मार डाला
जठेड़ी गांव स्थित देव दहिया रेत स्टॉक के मुंशी की देर रात अज्ञात लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। स्टॉक के मालिक प्रदीप दहिया ने 45 हजार रुपए लूटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस लूट की वारदात से इंकार कर रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। यूपी के मैनपुरी जिला के गांव नंगला निवासी नीलेश (22) पुत्र श्रीकृष्ण जठेड़ी के देव दहिया रेत स्टॉक पर मुंशी का काम करता था। स्टॉक के मालिक प्रदीप दहिया ने पुलिस को बताया कि वह रात दस बजे स्टॉक से घर आया था। रात करीब ढाई बजे नीलेश के भाई प्रवीन का फोन आया कि नीलेश का शव कार्यालय में पड़ा हुआ है। नाक व कान से खून निकल रहा है। अलमारी का सामान बिखरा हुआ है। वे रात को ही मौके पर पहुंचे।
नीलेश की हत्या की गई थी और अलमारी में रखे करीब 45 हजार रुपए गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना राई थाना पुलिस को दी। एसएचओ दयाचंद, एसआई कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
सोनीपत के सिविल अस्पताल में पहुंचाया।
हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं
^मृतक नीलेश के भाई प्रवीन ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनका भाई तो कभी किसी से ऊंची आवाज में भी बात नहीं करता था। उसकी हत्या लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए की गई है। जब वह स्टॉक पर आया तो उसके भाई की हत्या हो चुकी थी।
नीलेश के दोस्तों से पूछताछ करेगी पुलिस
^जांच अधिकारी एसआई कुलदीप सिंह ने कहा कि फिलहाल लूट का कोई मामला नहीं है। नीलेश के दोस्तों व स्टॉक पर काम करने वाले अन्य युवकों से पूछताछ की जाएगी। नीलेश के अलावा उनके गांव व पड़ोस के गांव के युवक भी इस क्षेत्र में काम करते हैं। उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
(फोटो- मुंशी की हत्या के बारे में युवकों से पूछताछ करती पुलिस।)